यह ख़बर 15 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल फिर हुआ महंगा, 2.54 रुपये प्रति लीटर बढ़ा

खास बातें

  • एक माह में यह दूसरा मौका है जब पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए है। नई दरें मध्यरात्रि से ही लागू हो जाएंगी।
नई दिल्ली:

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम एक बार फिर से 2.50 से 2.54 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए। एक माह में यह दूसरा मौका है जब पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए है। नई दरें मध्यरात्रि से ही लागू हो जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी की वजह से तेल कंपनियों ने पेट्रोल कीमतों में वृद्धि का फैसला किया है। उद्योग के एक अधिकारी ने बताया कि देश की सबसे बड़ी ईंधन रिटेलर इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने पेट्रोल के दाम 2.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन 2.54 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करेगी। तीसरी कंपनी भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन का पेट्रोल मध्यरात्रि से 2.53 रुपये प्रति लीटर महंगा हो जाएगा। इससे पहले तीनों कंपनियों ने 15-16 दिसंबर को पेट्रोल की कीमतों में 2.94 से 2.96 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। पिछले छह माह में यह सबसे बड़ी मूल्यवृद्धि थी। आईओसी के पेट्रोलपंपों पर अब पेट्रोल 55.87 रुपये लीटर से बढ़कर 58.37 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। एचपीसीएल और बीपीसीएल के पंपों पर पेट्रोल 58.39 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। अभी एचपीसीएल के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का दाम 55.85 रुपये और बीपीसीएल पर 55.86 रुपये प्रति लीटर है। अधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 92 डॉलर प्रति बैरल की ऊंचाई पर पहुंचने की वजह से पेट्रोल कीमतों में इजाफा किया गया है। सरकार ने पिछले साल जून में पेट्रोल कीमतों को नियंत्रणमुक्त कर दिया था। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां कीमतों में वृद्धि से पहले पेट्रोलियम मंत्रालय से विचार-विमर्श करती हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com