खास बातें
- ऑनलाइन बैंकिंग की यदि बात की जाए तो HDFC बैंक ने सभी बैंकों को पीछे छोड़ दिया, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में SBI सबसे आगे रहा।
New Delhi: ऑनलाइन बैंकिंग की यदि बात की जाए तो एचडीएफसी बैंक ने इसमें सभी बैंकों को पीछे छोड़ दिया, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में भारतीय स्टेट बैंक सबसे आगे रहा। बैंकों के बारे में सूचना देने वाली पोर्टल बैंकिंगऑनली डॉट काम की सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह नतीजा सामने आया है। इसमें कहा गया है कि ऑनलाइन बैंकिंग के मामले में एचडीएफसी बैंक सबसे लोकप्रिय बैंक रहा है, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में स्टेट बैंक ने बाजी मारी। बैंकिंग ऑनली की सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट देखने वाले ग्राहकों की संख्या प्रतिदिन औसतन 4 लाख 17 हजार, भारतीय स्टेट बैंक की साइट पर जाने वालों की संख्या औसतन दैनिक 1 लाख 32 हजार से अधिक रही। देश के केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक की वेबसाइट को औसतन 25,752 लोग ही देखते हैं। इस बैंकिंग पोर्टल के मुताबिक राष्ट्रीयकृत बैंकों की श्रेणी में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सबसे लोकप्रिय बैंक है। इसकी वेबसाइट को औसतन 29,748 ग्राहकों ने रोजाना देखा। एचडीएफसी के बाद दूसरे स्थान पर आईसीआईसीआई बैंक रहा, जिसकी वेबसाइट को औसतन 4.00.266 लोगों ने देखा। इसके बाद एक्सिस बैंक (1,59,840), स्टेट बैंक (1,32,534), कोटक महिंद्रा (43,956), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (29,748), आईडीबीआई (21,756), यूको बैंक (20,424), बैंक ऑफ इंडिया (17,096), कॉरपोरेशन बैंक (17,094) का स्थान रहा। विदेशी बैंकों के मामले में सबसे लोकप्रिय बैंक सिटी बैंक रहा, जिसकी वेबसाइट को औसतन दैनिक 1,40,748 लोगों ने देखा। बैंकिंग ऑनली डॉट कॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक अमित कुमार ने कहा, वेबसाइट देखने वालों की संख्या बताती है कि बैंक की सेवा लोग पसंद कर रहे हैं। ग्राहकों के लिए उनके अनुकूल योजनाओं के लिहाज से बैंक ऑफ इंडिया अव्वल रहा। इस बैंक की वेबसाइट पर दैनिक 67,932 लोगों ने योजनाओं की जानकारी देखी। बैंकिंग पोर्टल ने लोकप्रियता रैंकिंग रोजाना साइट पर गए लोगों की संख्या के आधार पर तैयार की है। इसके लिए गूगल रैंकिंग, एलेक्सा रैंकिंग, वेब इनफार्मर स्टैटिक्स, मासपेज रैंक रिपोर्ट आदि के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की गई है।