खास बातें
- दूसरे राज्यों के व्यापारियों पर आयकर विभाग के छापे की वजह से नासिक से प्याज की आपूर्ति ठप हो गई है।
नई दिल्ली: नासिक और आसपास के क्षेत्रों के प्याज व्यापारी दो दिन की हड़ताल पर चले गए हैं। दूसरे राज्यों के व्यापारियों पर आयकर विभाग के छापे की वजह से नासिक से प्याज की आपूर्ति ठप हो गई है, जिसके विरोध में व्यापारी हड़ताल पर चले गए हैं। व्यापारियों की हड़ताल से पहले से ही ऊंचाई पर चल रहे प्याज के दामों में और तेजी आने की आशंका है। दूसरे राज्यों के व्यापारियों ने नासिक से प्याज की आपूर्ति लेनी बंद कर दी है क्योंकि कथित रूप से उन्हें जबरन कम कीमत पर प्याज बेचने के लिए बाध्य किया जा रहा है। नासिक के जिला उप पंजीयक (कोआपरेटिव सोसायटीज) बाजीराव शिंदे ने कहा, दूसरे राज्यों के व्यापारियों के लिए 30 रुपये किलो के भाव से कम पर प्याज बेचना व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि उनकी खरीद लागत इससे अधिक पड़ी है। इससे एशिया के सबसे बड़े प्याज बाजार नासिक और लासलगांव से प्याज की आपूर्ति लगभग ठप हो गई है। मेट्रो शहरों में प्याज का खुदरा दाम 55 से 60 रुपये किलो चल रहा है और हड़ताल की वजह से इसकी कीमतों में और उछाल आने की आशंका बन गई है।