खास बातें
- तेल का रिसाव बंद हो गया है, यह अब नियंत्रण में है, अनुमान लगाया गया है कि फैले तेल को 48 घंटे में समेट लिया जाएगा।
नई दिल्ली: तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने कहा कि मुंबई हाई तेल क्षेत्र में पाइपलाइन से हो रहे तेल रिसाव पर नियंत्रण पा लिया गया है और समुद्र में फैले तेल को अगले 48 घंटे में समेट लिया जाएगा। ओएनजीसी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, तेल का रिसाव बंद हो गया है, यह अब नियंत्रण में है, अनुमान लगाया गया है कि फैले तेल को 48 घंटे में समेट लिया जाएगा। मुंबई तटीय क्षेत्र से 80 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित कंपनी के मुंबई हाई तेल क्षेत्र की मुंबई-उरान ट्रंक पाइपलाइन से सुबह 08:45 बजे तेल रिसाव का पता चला। देश के इस सबसे बड़े कच्चे तेल उत्पादन क्षेत्र से कुछ समय बाद ही उत्पादन शुरू हो गया और तेल की आपूर्ति दूसरी पाइपलाइन से की जा रही है। कंपनी के वक्तव्य में कहा गया है कि तटरक्षकों ने तेल रिसाव की स्थिति का मुआयना किया और यह समझते हुए कि मामला नियंत्रण में है अपनी आपात योजना पर अमल रोक दिया। बहरहाल, क्षेत्र में कार्यसंचालन की निगरानी और देखभाल ओएनजीसी और तटरक्षक मिलकर करते रहेंगे। मुंबई हाई और बेसियन क्षेत्र से कुल मिलाकर प्रतिदिन 2,47,000 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता है, लेकिन इसमें कुछ समय के लिए व्यावधान आने से उत्पादन 25,000 बैरल कम रहेगा।