खास बातें
- निर्यात में पिछले 13 महीने से लगातार जारी तेजी को देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में कुल निर्यात 215 अरब डॉलर के आंकड़े को छू जाएगा।
New Delhi: देश के निर्यात कारोबार में तीव्र वृद्धि का रुख जारी है। नवंबर में निर्यात 26.5 फीसद बढ़कर 18.8 अरब डॉलर का रहा, जो इससे पिछले साल इसी माह में 14.9 अरब डॉलर रहा था। निर्यात में पिछले 13 महीने से लगातार जारी तेजी को देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में कुल निर्यात 215 अरब डॉलर के आंकड़े को छू जाएगा। इसी प्रकार समीक्षाधीन माह में देश का आयात भी 11.2 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 27.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया। निर्यात में तेज वृद्धि और आयात में हल्की वृद्धि के चलते आलोच्य माह के दौरान व्यापार घाटा 8.9 अरब डॉलर पर रहा। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से नवंबर 2010 के बीच देश का कुल निर्यात बढ़कर 140.2 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया, जो कि इससे पिछले साल इसी अवधि में 110.6 अरब डॉलर रहा था। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने कहा कि इस वित्तवर्ष में कुल निर्यात 210-215 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। सरकार ने इस साल के लिये 200 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य तय किया है। वित्त वर्ष की आठ माह की अवधि में देश का आयात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 179 अरब डॉलर से बढ़कर 221.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया। व्यापार घाटा 81.6 अरब डॉलर रहा है। नवंबर माह में कुल 7.7 अरब डॉलर का तेल आयात हुआ था, जो पिछले साल इसी माह की तुलना में 2.31 फीसद अधिक है। पिछले साल इसी माह कुल 7.5 अरब डॉलर का तेल आयात हुआ था। अप्रैल से नवंबर 2010 के दौरान कुल तेल आयात 21.4 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 64.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इससे पिछले साल की समान अविध में 53.4 अरब डॉलर था। गैर-तेल आयात 15.05 फीसद बढ़कर 20.07 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल के इसी माह में 17.44 अरब डॉलर था। अप्रैल से नवंबर 2010 की अवधि में गैर तेल उत्पादों का आयात 25.04 प्रतिशत बढकर 157.11 अरब डॉलर हो गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 125.64 अरब डॉलर रहा था। प्राप्त आंकडों के अनुसार अप्रैल से नवंबर 2010 की अवधि में इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम और रिफाइनरी उत्पादों और सूती धागे के निर्यात में बेहतर कारोबार हुआ। अप्रैल से नवंबर के दौरान गैर-तेल आयात बढ़कर 157.11 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इससे पिछले साल के इसी माह के 125.64 अरब डॉलर से 25.04 फीसद अधिक है। अप्रैल से नवंबर के दौरान अभियांत्रिकी सामान, पेट्रोकेमिकल, तेल शोधक सामान एवं कपास के निर्यात से देश के कुल निर्यात में बढ़ोतरी आई।