खास बातें
- विदेशी संस्थागत निवेशकों की दमदार लिवाली के बल पर इस सप्ताह देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में लगभग तीन फीसदी की तेजी रही, जो लगातार चौथे सप्ताह की तेजी है।
मुम्बई: विदेशी संस्थागत निवेशकों की दमदार लिवाली के बल पर इस सप्ताह देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में लगभग तीन फीसदी की तेजी रही, जो लगातार चौथे सप्ताह की तेजी है।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 2.96 फीसदी या 494.97 अंकों की तेजी के साथ 17,233.98 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह शुक्रवार को सेंसेक्स 16,739.01 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स शुक्रवार को 156.80 अंकों की तेजी के साथ 17,233.98 पर बंद हुआ, जो पिछले 10 सप्ताहों का ऊपरी स्तर है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा की गई जबर्दस्त लिवाली के कारण सेंसेक्स में पिछले एक महीने में नौ फीसदी से अधिक की तेजी आई है।
इस साल की शुरुआत से विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजारों में दो अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध 25.2 करोड़ डॉलर की लिवाली की थी। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने वर्ष 2011 में शुद्ध 72.8 करोड़ डॉलर मूल्य के शेयरों की बिकवाली की थी।
विदेशी पूंजी की आवक से रुपये में भी मजबूती दर्ज की जा रही है। इस सप्ताह रुपया डॉलर के मुकाबले 49.31 रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले 11 सप्ताहों का ऊपरी स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी इस सप्ताह 3.09 फीसदी या 156.10 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 5204.70 पर बंद हुआ।
निफ्टी शुक्रवार को 0.9 फीसदी या 46.40 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ।
इस सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मौद्रिक समीक्षा में नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में अप्रत्याशित कटौती से बाजार में सकारात्मक माहौल रहा।
तीसरी तिमाही की मौद्रिक समीक्षा में रिजर्व बैंक ने सीआरआर में 50 आधार अंकों की कटौती की और इसे छह फीसदी से घटाकर 5.5 फीसदी कर दिया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में बायबैक की तिथि नजदीक आने के कारण इसके शेयरों में लिवाली का जोर रहा। मुकेश अम्बानी की कम्पनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 12 करोड़ शेयरों के बायबैक की घोषणा की है। बायबैक के लिए अधिकतम मूल्य 870 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। बायबैक एक फरवरी से शुरू होगा और 19 जनवरी 2013 तक चलेगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर शुक्रवार को 3.48 फीसदी तेजी के साथ 817.60 रुपये पर बंद हुए।
शुक्रवार को सेंसेक्स में तेजी दर्ज करने वाले अन्य शेयरों में प्रमुख रहे स्टरलाईट इंडस्ट्रीज (5.49 फीसदी), टाटा मोटर्स (4.10 फीसदी), एलएंडटी (3.76 फीसदी), भारती एयरटेल (3.66 फीसदी) और टाटा स्टील (3.09 फीसदी)।
सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले प्रमुख शेयरों में रहे डीएलएफ (3.47 फीसदी), बजाज ऑटो (3.07 फीसदी), भेल (2.84 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (2.21 फीसदी) और जिंदल स्टील (2.04 फीसदी)।