खास बातें
- भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की आगामी समीक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण शेयरों में उतार-चढ़ाव जारी रहा।
मुम्बई: लगातार दो सप्ताह की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार इस सप्ताह तेजी के साथ बंद हुआ। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 0.78 फीसदी यानी 147.09 अंक की तेजी के साथ 19,007.53 अंक पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 18,860.44 अंक पर बंद हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की आगामी समीक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण शेयरों में उतार-चढ़ाव जारी रहा। आरबीआई 25 जनवरी को तीसरी तिमाही की मौद्रिक समीक्षा करेगा। विश्लेषकों का अनुमान है कि महंगाई को देखते हुए आरबीआई दरों में वृद्धि कर सकता है। शुक्रवार को सेंसेक्स 39.01 अंक की गिरावट के साथ 19,007.53 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएससी) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को 15.1 अंक की गिरावट के साथ 5,696.5 अंक पर बंद हुआ। इस सप्ताह कारोबार के आखिरी दिन बीएसई का मिडकैप 0.22 फीसदी और स्मॉलकैप 0.46 फीसदी तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में शुक्रवार को रिलायंस इंफ्रा ढाई फीसीद से अधिक, एसबीआई लगभग ढाई फीसदी, रिलायंस कम्युनिकेशन दो फीसदी से अधिक और भेल डेढ़ फीसदी से अधिक तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले शेयरों में शुक्रवार को विप्रो साढ़े चार फीसदी से अधिक, ओएनजीसी ढाई फीसदी से अधिक, आईटीसी डेढ़ फीसदी से अधिक, और डीएलएफ डेढ़ फीसदी से अधिक गिरावट के साथ बंद हुआ। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया। हांगकांग का हैंगसैंग 0.53 फीसदी की गिरावट के साथ 23,876.86 अंक पर और जापान का निक्के ई 1.56 फीसदी गिरावट के साथ 10,274.52 अंक पर बंद हुआ। चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में हालांकि 1.41 फीसदी तेजी रही और यह 2,715.29 अंक पर बंद हुआ। यूरोप के महत्वपूर्ण बाजारों में तेजी देखी गई। ब्रिटेन के एफटीएसई 100 में 0.48 फीसदी की तेजी देखी गई और यह 5,896.25 अंक पर बंद हुआ। जर्मन डैक्स 0.54 फीसदी की तेजी के साथ 7,062.42 अंक पर बंद हुआ। फ्रांस के सीएसी 40 में 1.33 फीसदी तेजी रही और यह 4,017.45 अंक पर बंद हुआ। अमेरिकी शेयर बाजारों में डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल इंडेक्स 0.41 फीसदी तेजी के साथ 11,817.80 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 में 0.24 फीसदी तेजी रही और यह 1,283.35 अंक पर बंद हुआ। नास्डाक इंडेक्स में 0.55 फीसदी की गिरावट रही और यह 2,689.54 अंक पर बंद हुआ।