यह ख़बर 23 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

अजित सिंह का किंगफिशर का लाइसेंस रद्द करने से इंकार

खास बातें

  • नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने नगदी संकट एवं पायलटों के इस्तीफे से जूझ रही एयरलाइंस कम्पनी किंगफिशर के लाइसेंस को रद्द करने से इंकार किया है।
नई दिल्ली:

नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने नगदी संकट एवं पायलटों के इस्तीफे से जूझ रही एयरलाइंस कम्पनी किंगफिशर के लाइसेंस को रद्द करने से इंकार किया है।

अजित ने पत्रकारों से कहा, "हम किंगफिशर को बंद करना नहीं चाहते। हमारी किंगफिशर की लाइसेंस रद्द करने की कोई योजना नहीं है। कोई भी एयरलाइन कम से कम पांच विमानों के बेड़े के साथ व्यवसाय कर सकती है।" नगदी संकट से जूझ रही किंगफिशर ने लगातार छठवें दिन गुरुवार को भी उड़ानें रद्द कीं।

नागर विमानन महानिदेशालय के सूत्रों ने बताया कि एयरलाइंस द्वारा ईमेल से भेजी गई नई समयसारिणी का अध्ययन किया जा रहा है। महानिदेशालय बड़ी संख्या में रद्द हो रही उड़ानों की जांच करने के अलावा यह भी देख रहा कि वित्तीय संकट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के साथ कहीं कोई कोताही तो नहीं बरती जा रही है।

सूत्रों के अनुसार एयरलाइंस ने बिना किसी पूर्व सूचना के उड़ानें रद्द करके नियमों का उल्लंघन किया है। निदेशालय ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विमानों के निरीक्षण के लिए भी कहा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

किंगफिशर की समस्या 18 फरवरी से शुरू हुई जब इसके पायलटों ने अचानक हड़ताल कर दी। इसके बाद आयकर विभाग ने इसके खातों को बंद कर दिया, जिसकी वजह से एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हुईं। फिलहाल कम्पनी पर 705.08 करोड़ रुपये का ऋण है। जबकि अक्टूबर-दिसम्बर के दौरान कम्पनी का घाटा 444.26 करोड़ रुपये हो गया।