खास बातें
- समीक्षागत सप्ताह के दौरान सब्जियों के दाम एक साल पहले की तुलना में 67.07 प्रतिशत बढ गए। प्याज के दाम इस दौरान 111.58 प्रतिशत उंचे रहे।
नई दिल्ली: प्याज, टमाटर और अन्य सब्जियों के उंचे दाम का असर खाद्य मुद्रास्फीति पर बरकरार है और इसके चलते गत 15 जनवरी को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति एक सप्ताह पहले की तुलना में 0.05 प्रतिशत अंक बढ़कर 15.57 प्रतिशत हो गई। खाद्य मुद्रास्फीति में दो सप्ताह नरमी के रुख में रहने के बाद मजबूती का रुख बन गया। इससे पहले 25 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में यह 18.32 प्रतिशत की उंचाई तक पहुंच गई थी। समीक्षागत सप्ताह के दौरान सब्जियों के दाम एक साल पहले की तुलना में 67.07 प्रतिशत बढ गए। प्याज के दाम इस दौरान 111.58 प्रतिशत उंचे रहे। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद प्याज के दाम उच्चस्तर पर बने रहे। एक साल पहले की तुलना में फल 16.40 प्रतिशत और दूध 12.44 प्रतिशत महंगा रहा। अंडा, मांस और मछली के दाम भी 13.58 प्रतिशत बढ गए। इस दौरान अनाज में भी 0.53 प्रतिशत की मजबूती रही, जबकि चावल के दाम 2.79 प्रतिशत बढ गए। हालांकि, इस दौरान गेहूं, दाल में सालाना आधार पर क्रमश 5.75 प्रतिशत और 14.07 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।