खास बातें
- जेके टायर को तीसरी तिमाही में 9.14 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है, जो पिछले वित्तवर्ष की इसी तिमाही से 74.93 फीसदी कम है।
New Delhi: जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज को दिसंबर, 2010 में समाप्त चालू वित्तवर्ष की तीसरी तिमाही में 9.14 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है, जो इससे पिछले वित्तवर्ष की इसी तिमाही से 74.93 फीसदी कम है। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में उसे 36.46 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। हालांकि आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री 47 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1,174.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले साल की इसी तिमाही में 798.7 करोड़ रुपये थी। कंपनी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रघुपति सिंघानिया ने कहा, यह तिमाही बहुत चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि इस दौरान प्राकृतिक रबड़ की कीमतों में 100 फीसदी तक की वृद्धि हुई। इसके साथ ही अन्य कच्चे माल के दाम भी 40 प्रतिशत बढ़े। उन्होंने कहा कि यद्यपि कंपनी की बिक्री बढ़ी है, पर लागत में बढ़ोतरी के कारण उसके मुनाफे में भी कमी आई।