खास बातें
- मनोरंजन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आईमैक्स कॉरपोरेशन ने अगले साल के अंत तक भारत में 17 थिएटर खोलने की योजना बनाई है।
दावोस: मनोरंजन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आईमैक्स कॉरपोरेशन ने अगले साल के अंत तक भारत में 17 थिएटर खोलने की योजना बनाई है और वह बॉलीवुड फिल्मों को अपने हाई-टेक फॉर्मेट में तब्दील करने का अधिकार खरीदने के लिए जल्द ही भारतीय फिल्म निर्माताओं से बातचीत शुरू करेगी।
कनाडा स्थित आईमैक्स कारपोरेशन के सीईओ रिच गेलफोंड ने यहां संपन्न हुए विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन के दौरान प्रेट्र को बताया कि भारत ऐसा बाजार है जहां कंपनी अभी तक धीरे-धीरे आगे बढ़ती रही है, लेकिन चीजें अब बदलने लगी हैं।
अमेरिका सहित विभिन्न देशों में मजबूत पैठ बना चुकी आईमैक्स ने शॉपिंग मॉल्स में आईमैक्स सिनेमा हाल स्थापित करने के लिए भारत में रीयल एस्टेट डेवलपरों से बातचीत शुरू की है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यद्यपि भारत में विस्तार करना हमारे लिए चुनौतीपूर्ण रहा है, हमने चीन में तेजी से अपना विस्तार किया है और वहां हमारे करीब 81 स्क्रीन हैं और अगले दो साल में हमारी योजना 200 स्क्रीन खोलने की है।’’ ‘‘लेकिन भारत में हमारे केवल तीन स्क्रीन हैं और साल के अंत तक हमारे 7 से 8 स्क्रीन हो सकते हैं, जबकि अगले साल तक इनकी संख्या बढ़कर 17 पहुंच जाएगी।’’