यह ख़बर 04 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

IDBI बैंक ने जमा दरों में की बढ़ोतरी

खास बातें

  • आईडीबीआई बैंक ने कुछ निश्चित खुदरा जमा पर ब्याज दर में 0.75 फीसदी तक की वृद्धि की घोषणा की है। नई दरें मंगलवार से प्रभावी होंगी।
Mumbai:

सार्वजनिक क्षेत्र के आईडीबीआई बैंक ने कुछ निश्चित खुदरा जमा पर ब्याज दर में 0.75 फीसदी तक की वृद्धि की घोषणा की है। ब्याज दरों में वृद्धि 15 लाख रुपये से कम की राशि के साथ 15 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये के बीच की जमाओं के लिए की गई है। नई दरें मंगलवार से प्रभावी होंगी। इसके साथ ही उच्च ब्याज दर पर ग्राहकों को आकर्षित करने के इरादे से बैंक ने यह भी कहा है कि समय से पहले मियादी जमाओं को तोड़ने पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। फिलहाल बैंक मियादी जमा को समय से पहले निकाले जाने पर एक फीसदी का जुर्माना लगाता है। आईडीबीआई बैंक के कार्यकारी निदेशक सुशील मुहनोट ने कहा कि मियादी जमा को निर्धारित समय से पहले निकालने पर फिलहाल एक फीसदी का जुर्माना लगता है। जुर्माने को समाप्त करने की व्यवहार्यता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, यह पेशकश सीमित अवधि के लिए हैं। ब्याज दरों में वृद्धि के बीच ग्राहक अपनी जमा राशि को वहां जमा करना चाहते हैं, जहां उन्हें उच्च ब्याज दर मिलता है। ऐसे में जुर्माना हटाए जाने से बैंक ज्यादा से ज्यादा ग्राहक आकर्षित कर सकेंगे। बैंक ने बयान में कहा कि 1 जनवरी, 2011 के बाद होने वाली नई जमा राशि या पुरानी जमा राशि का नवीकरण के मामले में समय से पहले निकासी पर जुर्माना नहीं लगेगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com