खास बातें
- भारतीय कम्पनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि आईगेट पटनी के प्रवर्तकों की कम्पनी में लगभग 43.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी।
मुम्बई/बेंगलुरू: अमेरिकी सॉफ्टवेयर कम्पनी आईगेट ने निजी इक्वि टी कम्पनी एपेक्स पार्टनर्स के साथ मिलकर सोमवार को भारतीय सॉफ्टवेयर सेवा कम्पनी पटनी कम्प्यूटर सिस्टम में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया। यह सौदा 92 करोड़ डॉलर में होगा। भारतीय कम्पनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि आईगेट पटनी के प्रवर्तकों नरेंद्र पटनी, गजेंद्र पटनी और अशोक पटनी की कम्पनी में लगभग 43.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। आईगेट हर शेयर के लिए 503.5 रुपये का भुगतान करेगी। फणीश मूर्ति की कम्पनी आईगेट इसके साथ ही कम्पनी में निजी इक्वि टी फंड जनरल एटलांटिक की 16.6 फीसदी हिस्सेदारी भी खरीदेगी। मूर्ति ने बेंगलुरू में संवाददाताओं से कहा कि यदि इस सौदे में अनिवार्य 20 फीसदी ओपन ऑफर की पूरी खरीदारी सम्भव हुई, तो सौदे की कुल कीमत 1.22 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। सभी नियामक अनुमति मिलने के साथ सौदे को पूरा होने में छह महीने तक लग सकते हैं। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में पटनी के शेयर बाजार में भारी गिरावट के बावजूद 3.84 फीसदी तेजी के साथ 477.80 रुपये पर पहुंच गए जो कारोबार की समाप्ति तक 0.82 फीसदी की तेजी के साथ 463.85 रुपये पर बंद हुआ।