यह ख़बर 08 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

गांवों में लोन के जरिए साइकिलें बेचेगी हीरो

खास बातें

  • हीरो साइकिल्स ग्रामीण इलाकों में अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के जरिए ग्राहकों को ऋण उपलब्ध कराएगा।
नई दिल्ली:

देश के गांवों में लोगों द्वारा फाइनेंस के जरिए भैंस खरीदे जाने से उत्साहित दुनिया की सबसे बड़ी साइकिल कंपनी हीरो साइकिल ने भी अपनी साइकिलों की बिक्री बढ़ाने के लिए यही रास्ता अख्तियार करने का फैसला किया है। हीरो साइकिल्स ने ग्रामीण इलाकों में अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के जरिए ग्राहकों को ऋण देने की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। कंपनी ने इसके लिए इलाहाबाद की सोनाटा फाइनेंस के साथ करार किया है। सोनाटा फाइनेंस गांव के लोगों को साइकिल खरीदने के लिए 100 रुपये प्रति सप्ताह का कर्ज उपलब्ध कराएगी। हीरो साइकिल्स के प्रबंध निदेशक पंकज मुंजाल ने कहा, यह एक परीक्षण मामला है। हम पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरुआत कर रहे हैं। यहां सफलता मिलने के बाद हम इसी अवधारणा को लेकर आंध्र प्रदेश जाएंगे। इस प्रयोग को लेकर उत्साहित मुंजाल ने कहा, जब ग्रामीण ऋण लेकर भैंस खरीद सकते हैं, तो वे माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के जरिये ऋण लेकर साइकिल भी खरीद सकते हैं। मुंजाल ने कहा कि साइकिल की फाइनेंसिंग के लिए विचार यह है कि इसे हर उस आदमी को उपलब्ध कराना है, जिसकी मासिक आय उत्पाद की कीमत से कम है। उन्होंने कहा कि किसी ग्रामीण की मासिक आय 2,500 रुपये तक भी हो सकती है, पर किसी फाइनेंसिंग योजना के अभाव में वह साइकिल खरीदने के लिए 3,000 रुपये खर्च नहीं कर सकता। फाइनेंसिंग के जरिए हम उन तक यह उत्पाद पहुंचाना चाहते हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com