खास बातें
- विश्व बैंक के अनुमानों के मुताबिक वर्ष 2011 में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर अनुमानित 9.5 फीसदी से घटकर 8.4 फीसदी हो सकती है।
वाशिंगटन: विश्व बैंक के अनुमानों के मुताबिक वर्ष 2011 में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर अनुमानित 9.5 फीसदी से घटकर 8.4 फीसदी हो सकती है जबकि वर्ष 2012 में यह दर 8.7 फीसदी रहेगी। वैसे वित्त वर्ष 2011-12 और 2012-13 के दौरान पूरे दक्षिण एशिया की अनुमानित विकास दर 7.7 और 8.1 फीसदी पर बनी रहेगी। विश्व बैंक की गुरुवार को जारी 'वैश्विक आर्थिक परिदृश्य 2011' रिपोर्ट के मुताबिक कैलेंडर वर्ष 2010 के दौरान क्षेत्र की विकास दर 8.4 फीसदी रहेगी। अगर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था से भारत को अलग रखा जाए तो वर्ष 2010 में क्षेत्रीय विकास दर 4.8 फीसदी ही रहेगी। वर्ष 2010 के दौरान दक्षिण एशिया में वित्तीय समेकन की दिशा में शानदार उपलब्धि हासिल किए जाने के बावजूद वर्ष 2010 में क्षेत्र का राजकोषीय घाटा विकासशील देशों में सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है। क्षेत्र का राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 8.2 फीसदी रहने का अनुमान है वहीं भारत का राजकोषीय घाटा 9.6 फीसदी रहने का अनुमान है।