यह ख़बर 22 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

चांदी ने छुई नई ऊंचाई, सोना ने भी दिखाया रंग

खास बातें

  • वैश्विक तेजी के बीच स्टाकिस्टों की लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी के भाव 49,700 रुपये किलो की नई ऊंचाई तक चले गए।
नई दिल्ली:

वैश्विक तेजी के बीच स्टाकिस्टों की लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी के भाव 49,700 रुपये किलो की नई ऊंचाई तक चले गए। सोने के भाव भी 90 रुपये चढ़कर 20,960 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए। वैश्विक बाजारों में चांदी के भाव 31 साल और सोने के भाव सात सप्ताह के उच्चस्तर को छू गए जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा। वैश्विक बाजार में सोने के भाव चढ़कर 1,410.75 डॉलर प्रति औंस हो गए जो जनवरी चार के बाद का उच्चस्तर है। चांदी के भाव चढ़कर 34.31 डॉलर प्रति औंस हो गए जो 1980 के बाद का उच्चस्तर है। मौजूदा शादी-विवाह सीजन के कारण फुटकर कारोबारियों ने भी मांग बढ़ा दी। स्थानीय बाजार में चांदी तैयार के भाव 200 रुपये की तेजी के साथ 49,700 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 240 रुपये चढ़कर 49,730 रुपये किलो की नई ऊंचाई पर बंद हुए। सोना 99.9 शुद्ध के भाव 90 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 20,960 रुपये और 20,840 रुपये प्रति 10 ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव 20 रुपये चढ़कर 17,000 रुपये प्रति आठ ग्राम बंद हुए। 


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com