मुंबई: शेयर बाजार में तीन दिनों से जारी गिरावट शुक्रवार को थम गई। आम बजट से पहले शुक्रवार को पेश आर्थिक समीक्षा में 2016-17 में जीडीपी वृद्धि दर 7-7.5 प्रतिशत रहने के अनुमान से बाजार में तेजी की धारणा बनी और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 178 अंक चढ़कर 23,000 के स्तर से ऊपर बंद हुआ।
साप्ताहिक आधार पर, इस सप्ताह, सेंसेक्स में 554.85 अंक या 2.34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 181 अंक या 2.51 प्रतिशत टूटा। तीस शेयरों वाले सेंसेक्स ने शुरुआती कारोबार में ही 23,000 का स्तर हासिल कर लिया, लेकिन मुनाफा वसूली से यह नीचे आया। हालांकि, अंतिम पहर लिवाली समर्थन से सेंसेक्स 178.30 अंक ऊपर 23,154.30 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स में 812.79 की गिरावट दर्ज की गई थी।
इसी तरह, एनएसई निफ्टी 59.15 अंक ऊपर 7,029.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 7,052.90 और 6,985.10 अंक के दायरे में घूमता रहा। शुक्रवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, अप्रैल-नवंबर के दौरान देश में एफडीआई 31 प्रतिशत बढ़कर 24.8 अरब डॉलर रहा।
दिल्ली स्थित एक ब्रोकर मनोज छोररिया ने कहा, 'सोमवार को आम बजट पेश होने से पहले शुक्रवार को पेश आर्थिक समीक्षा ने निवेशकों के बीच अर्थव्यवस्था को लेकर उम्मीद की किरण जगाई, जिससे निवेशकों ने लिवाली की।