यह ख़बर 27 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

लगातार चौथे हफ्ते खाद्य मुद्रास्फीति शून्य से नीचे

खास बातें

  • सब्जियों के सस्ता होने से खाद्य मुद्रास्फीति 14 जनवरी को समाप्त सप्ताह में और घटकर शून्य से 1.03 प्रतिशत नीचे रही।
नई दिल्ली:

सब्जियों के सस्ता होने से खाद्य मुद्रास्फीति लगातार चाथे सप्ताह शून्य से नीचे बनी रही। 14 जनवरी को समाप्त सप्ताह में यह और घटकर शून्य से 1.03 प्रतिशत नीचे रही। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति इससे पिछले सप्ताह शून्य से 0.42 प्रतिशत नीचे थी। पिछले साल इसी दौरान कीमत स्तर बहुत ऊपर चला गया था और खाद्य मुद्रास्फीति 17 प्रतिशत थी।

शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह के दौरान सालाना आधार पर प्याज 79.10 प्रतिशत सस्ता हुआ, वहीं आलू की कीमतें 22.46 फीसदी नीचे थीं। गेहूं के दाम भी 3.37 प्रतिशत घटे। कुल मिलाकर सालाना आधार पर सब्जियां 47.06 फीसदी सस्ती रहीं। हालांकि इस दौरान अन्य खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़े हैं, जिनमें प्रोटीन की प्रचुरता वाले उत्पाद जैसे दाल, दूध, मांस, अंडा और मछली प्रमुख हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आलोच्य सप्ताह में दालें पिछले साल से 12.77 प्रतिशत महंगी थीं, वहीं दूध के दाम 12.25 प्रतिशत, अंडा, मांस और मछली के 20.33 फीसदी ऊंचे थे। इसी तरह, फलों के दामों में भी सालाना आधार पर 5.17 प्रतिशत की बढ़त रही। अनाज 2.71 प्रतिशत महंगा था। कुल प्राथमिक उत्पादों की श्रेणी में 14 जनवरी को समाप्त सप्ताह में महंगाई की दर 1.89 प्रतिशत रही। इससे पिछले सप्ताह यह 2.47 फीसदी थी। थोक मूल्य सूचकांक में प्राथमिक उत्पादों का हिस्सा 20 प्रतिशत से अधिक है।