खास बातें
- दूध, मांस, ज्वार और रागी के दामों में वृद्धि के बीच थोक मूल्यों पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 12 फरवरी को खत्म सप्ताह में बढ़कर 11.49% हो गई।
New Delhi: दूध, मांस, ज्वार और रागी के दामों में वृद्धि के बीच थोक मूल्यों पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 12 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान बढ़कर 11.49 फीसदी हो गई। इससे पूर्व सप्ताह में यह 11.05 फीसदी थी। पिछले दो सप्ताह 29 जनवरी और 5 फरवरी के दौरान खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट दर्ज की गई थी। इससे पिछले वर्ष समान अवधि में यह 21.82 फीसदी थी। गुरुवार को जारी थोक मूल्य सूचकांक के आंकड़ों के अनुसार आलोच्य सप्ताह में दूध पांच प्रतिशत, ज्वार और मटन दो-दो प्रतिशत तथा रागी एक प्रतिशत महंगे हुए। सप्ताह के दौरान एक सप्ताह पूर्व की तुलना में चावल हल्का नरम रहा, पर गेहूं में थोड़ी तेजी का रुख देखा गया। वैसे आलोच्य सप्ताह में अंडा, मांस और मछली वर्ग का मूल्य सूचकांक पिछले वर्ष की तुलना में 14.79 फीसदी ऊंचा रहा। इसी तरह दूध का दाम भी एक साल की तुलना में औसतन 17 प्रतिशत और सब्जियां 15.89 फीसदी ऊपर हैं। आलू पिछले साल इसी अवधि से 9.72 फीसदी मंदा है। आंकड़ों के मुताबिक प्राथमिक खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं के सम्मिलित थोकमूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति आलोच्य सप्ताह में 15.77 फीसदी रही, जो इससे पूर्व वर्ष के इसी सप्ताह में 21.82 फीसदी थी। गैर-खाद्य वस्तुओं के मामले में मुद्रास्फीति 31.58 फीसदी रही, जो इससे पूर्व वर्ष के इसी सप्ताह में 13.94 फीसदी थी।