खास बातें
- एक बयान के मुताबिक सम्मेलन में कनाडा खुद को एक बेहतर निवेश स्थल के रूप में पेश करने की कोशिश करेगा।
गांधीनगर: बुधवार को आरंभ हो रहे दो दिवसीय 'वाइब्रेंट गुजरात' सम्मेलन में साझीदार देश कनाडा से वाहन, ऊर्जा, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, वित्त आदि क्षेत्रों के कारोबारियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। एक बयान के मुताबिक सम्मेलन में कनाडा खुद को एक बेहतर निवेश स्थल के रूप में पेश करने की कोशिश करेगा। इससे पहले कनाडा के व्यापार मंत्री पीटर वैन लोहान ने नवम्बर में भारत की यात्रा की थी, और द्विपक्षीय आर्थिक समझौते किए थे। समझौते में पांच सालों में द्विपक्षीय व्यापार को 15 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था। सम्मेलन में कनाडा की ओर से कुछ बैठकें आयोजित की जाएंगी जिसमें कनाडा की निवेश विशेषज्ञ एलिजाबेथ मैकडोनाल्ड और क्रेग क्रॉफर्ड कारोबारियों को कनाडा में निवेश करने के फायदों से अवगत कराएंगे। कनाडा के संसद सदस्य पेट्रिक ब्राउन और देविंदर शोरी तथा सीनेटर माइकेल मैकडोनाल्ड भी इन बैठकों में अपने विचार पेश करेंगे।