खास बातें
- सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कम्पनी बीईएमएल ने कहा कि वह विवादास्पद टाट्रा सौदे में झूठे आरोप लगाने के लिए पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह पर मानहानि का मुकदमा करेगी।
बेंगलुरू: सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कम्पनी बीईएमएल ने कहा कि वह विवादास्पद टाट्रा सौदे में झूठे आरोप लगाने के लिए पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह पर मानहानि का मुकदमा करेगी।
बीईएमएल के अध्यक्ष वीआरएस नटराजन ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वीके सिंह ने टाट्रा ट्रक की कीमत और गुणवत्ता पर गलत और आश्चर्यजनक बयान दिया, जिसे हम 1990 के दशक से सेना को आपूर्ति कर रहे हैं।"
जनरल सिंह ने दावा किया था कि सेना को बेचे जाने वाले टाट्रा ट्रक न सिर्फ काफी अधिक महंगे हैं, बल्कि गुणवत्ता और संचालन में भी बेहतर नहीं हैं।
जनरल ने यह भी आरोप लगाया कि एक पूर्व सेना अधिकारी ने उन्हें सेना को 600 अतिरिक्त टाट्रा ट्रकों की आपूर्ति के ठेके को मंजूरी देने के लिए 14 करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश की थी। सिंह पद से गुरुवार को सेवानिवृत्त हुए।
नटराजन ने वीके सिंह द्वारा कम्पनी पर लगाए गए कई आरोपों को खारिज किया और कहा कि 600 अतिरिक्त टाट्रा ट्रकों के ठेके को मंजूरी देने के लिए उन्हें कथित तौर पर 14 करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश में कम्पनी की कोई भूमिका नहीं है।
नटराजन ने कहा, "सेना ने टाट्रा ट्रकों की गुणवत्ता या क्षमता को लेकर कभी शिकायत नहीं की।" उन्होंने कहा कि वीके सिंह ने अपनी 42 साल की सेवा के आखिर में कम्पनी पर गलत और नुकसान करने वाला आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय द्वारा तय की गई प्रक्रिया के तहत ही ट्रकों की आपूर्ति की गई है।
नटराजन ने कहा कि जनरल सिंह को किसी तीसरे पक्ष से रिश्वत की पेशकश के आरोप से हमारा कोई सरोकार नहीं है।