खास बातें
- सेबी ने अनिल अंबानी समूह की कंपनियों रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर और आरएनआरएल पर 2012 तक शेयर बाजार में निवेश करने से प्रतिबंध लगा दिया है।
मुंबई: बाजार नियामक सेबी ने अनिल अंबानी समूह की कंपनियों रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर और आरएनआरएल पर 2012 तक शेयर बाजार में निवेश करने से प्रतिबंध लगा दिया है। बाजार नियामक ने इन कंपनियों के खिलाफ प्रतिभूति बाजार नियमों के संभावित उल्लंघन मामले को शुल्क लेकर निपटा दिया है। इन दो कंपनियों के प्रमुख अनिल अंबानी तथा अन्य शीर्ष अधिकारियों पर भी दिसंबर, 2011 तक शेयर बाजार में निवेश करने का प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, इन कंपनियों और अधिकारियों के म्यूचुअल फंड, प्राथमिक बाजार, पुनर्खरीद और खुली पेशकश पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। सेबी के आदेश में जिन अन्य अधिकारियों के नाम शामिल हैं उनमें रिलायंस इन्फ्रा के उपाध्यक्ष सतीश सेठ और तीन निदेशक एससी गुप्ता, ललित जालान और जेपी चलसानी शामिल हैं। सेबी ने कंपनी से 50 करोड़ रुपये का शुल्क भरवाकर इन कंपनियों के खिलाफ जांच खत्म कर दी है। मामला निपटाने के एवज में ये दोनों कंपनियां 50 करोड़ रुपये का निपटान शुल्क चुकाएंगी। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने आपसी सहमति वाला आदेश पारित करते हुए कहा कि दोनों कंपनियां उसके नियमों और शर्तों पर सहमत हो गई हैं, जिसके बाद उसने यह मामला निपटाने का फैसला किया है। सेबी ने कहा कि दोनों कंपनियां निपटान शुल्क अदा करेंगी।