खास बातें
- जांच एजेंसियों ने स्पेक्ट्रम खरीदने के लिए कुछ दूरसंचार फर्मों द्वारा उपलब्ध कराए गए धन का स्रोत जानने के लिए विभिन्न देशों से सूचनाएं मांगी थीं।
New Delhi: 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच कर रही एजेंसियों को पांच देशों से पत्र के जवाब मिले हैं। जांच एजेंसियों ने स्पेक्ट्रम खरीदने के लिए कुछ दूरसंचार फर्मों द्वारा उपलब्ध कराए गए धन का स्रोत जानने के लिए इन देशों को पत्र लिखकर सूचनाएं मांगी थीं। सरकारी सूत्रों ने कहा कि इन देशों से मिले जवाब के आधार पर और सूचनाएं मांगी गई हैं। सूत्रों ने कहा कि चूंकि इस संबंध में ब्यौरे उच्चतम न्यायालय को उपलब्ध कराए जाने हैं, इसलिए जवाब भेजने वाले देशों के नाम का खुलासा नहीं किया जा सकता। उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच पर स्थिति रपट 10 फरवरी तक सौंपने को कहा है। मामले की सुनवाई इसी दिन होगी। उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय ने रूस, यूएई, इस्ले आफ मैन, साइप्रस, मॉरीशस, नार्वे, सिंगापुर और लीबिया समेत 10 देशों को पत्र भेजे थे।