Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का दिन मिला-जुला नजर आ रहा है. मंगलवार को बाजार में आई शानदार तेजी के बाद, बुधवार ,11 मार्च को सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत सुस्त रही. ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंका ने निवेशकों को थोड़ा सतर्क कर दिया है, जिसकी वजह से ग्लोबल मार्केट से मिल रहे संकेतों ने भारतीय बाजार की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है.
ग्लोबल टेंशन का असर, बाजार की सुस्त शुरुआत
हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार बिल्कुल फ्लैट खुला है. सेंसेक्स (BSE Sensex) सुबह 9:15 बजे 25.22 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 78,180.76 पर कारोबार करता दिखा. वहीं, निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 29.75 अंक फिसलकर 24,231.85 के स्तर पर खुला. बाजार में यह सुस्ती ईरान-अमेरिका युद्ध को लेकर दुनियाभर के बाजारों में फैली चिंता की वजह से देखी जा रही है, जिसके चलते बड़े निवेशक अभी वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं.
निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त
शुरुआती कारोबार में बाजार को संभालने का काम डिफेंस शेयर कर रहे थे. सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी इंडिया डिफेंस करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था. इसके अलावा, मीडिया, मेटल, फार्मा, पीएसई, एनर्जी, ऑयलएंडगैस, कमोडिटीज और हेल्थकेयर में भी हरे निशान में थे.दूसरी तरफ, प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल, ऑटो और सर्विसेज सूचकांक दबाव के साथ कारोबार कर रहे थे.
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मजबूती देखी जा रही है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 377 अंक या 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,555 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 173 अंक या 1.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,647 पर था.
अदाणी पोर्ट्स ,इंडिगो टॉप गेनर्स में शामिल
सेंसेक्स पैक में इंडिगो, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एनटीपीसी, बीईएल, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स, इटरनल, आईटीसी, टाइटन और ट्रेंट गेनर्स थे. कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक,एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक,एचयूएल, भारती एयरटेल, एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और एमएंडएम लूजर्स थे.
रॉकेट बने अदाणी ग्रुप के शेयर, अदाणी टोटल गैस 13% उछला
अदाणी ग्रुप के शेयरों में आज शानदार तेजी देखने को मिली. समूह की सभी कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे. अदाणी टोटल गैस का शेयर सबसे ज्यादा करीब 13.23% उछलकर 534.95 रुपये पर पहुंच गया. वहीं अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन करीब 1.95% बढ़कर 1,451.90 रुपये, अदाणी ग्रीन एनर्जी 1.96% की तेजी के साथ 873.70 रुपये, अदाणी एंटरप्राइजेज 1.19% चढ़कर 2,020.20 रुपये, अदाणी पावर 1.17% बढ़कर 140.56 रुपये और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस करीब 1.48% की बढ़त के साथ 1,028.60 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
इसके अलावा न्यू दिल्ली टेलीविजन (NDTV) का शेयर भी करीब 1.44% बढ़कर 78.35 रुपये पर पहुंच गया.
मंगलवार को बाजार में दिखा था दम
इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार में अच्छी रौनक देखी गई थी. निवेशकों का भरोसा बढ़ने से निफ्टी 50 ने 24,200 का अहम स्तर पार कर लिया था. दिन के अंत में सेंसेक्स 639.82 अंक (0.82%) की छलांग लगाकर 78,205.98 पर बंद हुआ था. इसी तरह निफ्टी भी 233.55 अंकों (0.97%) की मजबूती के साथ 24,261.60 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा था. कल की इस बढ़त ने निवेशकों को काफी राहत दी थी














