- रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती कर होम, ऑटो और पर्सनल लोन की ईएमआई में कमी का रास्ता साफ किया
- रेपो रेट घटने से बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है जिससे वे ग्राहकों को ब्याज दरों में कमी प्रदान करते हैं
- इस साल RBI ने कुल 100 बेसिस प्वाइंट की ब्याज दरों में कमी की है लेकिन बैंकों ने पूरा लाभ नहीं दिया है
रिजर्व बैंक ने कार, घर या पर्सनल लोन की मोटी किस्त की मार झेल रहे मध्यम वर्ग को बड़ा तोहफा दिया है. उसने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कमी की है. इससे होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की किस्त में कमी होगी. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने तीन दिनों तक चली मौद्रिक समीक्षा बैठक के बाद 5 दिसंबर को इसका ऐलान किया. आइए आपको समझाते हैं कि RBI के कदम से आपकी EMI कितनी घटेगी. अनुमान के अनुसार, अगर आपने 20 साल के 20 लाख रुपये का लोन लिया है तो EMI 310 रुपये तक कम हो सकती है. वहीं 30 लाख के ऋण पर मासिक किस्त 465 रुपये तक घट जाएगी.इसका लाभ फ्लोटिंग रेट पर लोन लेने वाले ग्राहकों और नया कर्ज लेने वाले ग्राहकों को ज्यादा होगा.
रेपो रेट क्या है?
रिजर्व बैंक जिस ब्याज दर पर बैंकों को लोन देता है उसे रेपो रेट कहा जाता है. जब रेपो रेट घटती है तो बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है. इसके बाद बैंक अपनी लागत और अन्य कारणों को ध्यान में रखकर ग्राहकों को दिए जाने वाले कर्ज की दरें भी घटाते हैं, जिससे ईएमआई में कमी आती है.
| लोन की रकम | अवधि | लोन रेट | ईएमआई | कुल ब्याज | ब्याज समेत कुल रकम |
| 20 लाख | 20 साल | 8 प्रतिशत | 16730 | 20.15 लाख | 40.15 लाख |
| 20 लाख | 20 साल | 7.75 प्रतिशत | 16420 | 19.40 लाख | 39.40 लाख |
| कितना लाभ | 20 साल | -- | 310 रुपये | 74000 रुपये | 74000 रुपये |
आरबीआई ने इस साल में 125 बेसिस प्वाइंट की कमी ब्याज दरों में की है. हालांकि बैंकों ने इसका पूरा लाभ ग्राहकों को नहीं दिया है. बैंक एमसीएलआर के आधार पर ब्याज दरों में कमी का फैसला करते हैं. ऐसे में देखना होगा कि क्या इस बार ब्याज दरों में बैंक कितनी कमी करेंगे. महंगाई दर में कमी को देखते हुए रिजर्व बैंक को ब्याज दरों में कमी करने की राह आसान हो जाती है.
ये भी पढ़ें- Repo Rate: घर-कार का लोन होगा सस्ता, RBI ने ब्याज दर घटाकर दिया आम आदमी को तोहफा
| लोन की रकम | अवधि | लोन रेट | ईएमआई | कुल ब्याज | ब्याज समेत कुल रकम |
| 30 लाख | 20 साल | 8 प्रतिशत | 25090 | 30.22 लाख | 60.22 लाख |
| 30 लाख | 20 साल | 7.75 प्रतिशत | 24630 | 29.10 लाख | 59.10 लाख |
| कितना फायदा | 20 साल | -- | 465 रुपये तक | 1.12 लाख | 1.12 लाख |
हालांकि आपकी ईएमआई कितनी घटेगी ये बैंकों की ब्याज दर के साथ आपके लोन के रेट ऑफ इंटरेस्ट पर भी निर्भर करेगा. ऐसे में सही गणना के लिए आप बैंक से भी संपर्क साध सकते हैं. आरबीआई इस साल फरवरी से आठ महीनों के भीतर ब्याज दरों में 1.25 फीसदी की कमी कर चुका है. ब्याज दर नौ महीनों में 6.50 फीसदी से घटकर 5.25 फीसदी पर आ गई है.
1 साल में चार बार कटौती
फरवरी 2025: 0.25 %
अप्रैल 2025: 0.25 %
जून 2025: 0.50 %
दिसंबर: 0.25 %














