- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की
- निर्मला सीतारमण ने लगातार अपना नौवां बजट पेश करेंगी
- बजट में किसानों, छात्रों और मध्यम वर्ग के लिए नई घोषणाओं की संभावना जताई जा रही है
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचीं. यह एक पारंपरिक प्रक्रिया है, जिसमें वित्त मंत्री बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति से मुलाकात करती हैं. इससे पहले सुबह सीतारमण अपने मंत्रालय भी पहुंची थीं, जहां बजट से जुड़ी अंतिम तैयारियों की समीक्षा हुई. उनके हाथ में इस बार भी लाल रंग का टैब देखा गया वही टैब जिसमें वह पिछले कुछ वर्षों से पेपरलेस बजट पेश करती रही हैं.
सीतारमण ने इस मौके पर मैरून रंग की साड़ी पहनी हुई थी और पूरे आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंचीं. आज पेश होने वाला बजट कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि यह लगातार उनका नौवां बजट है. इस उपलब्धि के साथ वह भारत की उन गिनती की वित्त मंत्रियों में शामिल हो गई हैं जिन्होंने सबसे अधिक बार बजट प्रस्तुत किया है.
इस बजट से देश के लोगों को काफी उम्मीदें हैं. किसानों, छात्रों और मध्यम वर्ग के लिए नई घोषणाओं की संभावना जताई जा रही है. आर्थिक सर्वेक्षण में भी संकेत मिला है कि सरकार रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों पर फोकस बढ़ा सकती है. साथ ही, चुनावी राज्यों के लिए बड़े ऐलानों की चर्चा भी जोर पकड़ रही है. कई उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई है कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार सृजन पर खास ध्यान दे सकती है.
आज का बजट इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि इसे एक ऐसे समय में पेश किया जा रहा है जब वैश्विक आर्थिक माहौल चुनौतीपूर्ण है. आर्थिक सर्वेक्षण ने भी हाल की गिरावट और महंगाई के दबावों का ज़िक्र किया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि भारत 6.8% से 7.2% की दर से मजबूत आर्थिक वृद्धि बनाए रख सकता है. संसद का बजट सत्र पहले ही शुरू हो चुका है और राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू अपने उद्घाटन भाषण में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और ग्रामीण विकास पर सरकार की प्राथमिकता को स्पष्ट कर चुकी हैं. उनका कहना था कि सरकार समाज के हर वर्ग के विकास की दिशा में काम कर रही है. अब सभी की निगाहें संसद पर टिकी हैं, जहां सीतारमण 11 बजे बजट पेश करेंगी. देशभर के नागरिक, उद्योग जगत और राजनीतिक हलकों में बजट की घोषणाओं को लेकर उत्सुकता चरम पर है.
ये भी पढ़ें: Budget 2026: वो 5 सवाल जिनके जवाब देश जानना चाहेगा वित्त मंत्री के बजट भाषण से














