Morgan Stanley Layoffs: दुनिया की दिग्गज इन्वेस्टमेंट बैंकिंग कंपनी मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) से एक बड़ी खबर आ रही है. बैंक ने अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से करीब 2,500 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी है. चौंकाने वाली बात यह है कि जहां आजकल हर जगह छंटनी के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, वहीं मॉर्गन स्टेनली के मामले में कहानी कुछ और ही है.
कुल वर्कफोर्स के 3% कर्मचारियों पर गिरी गाज
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉर्गन स्टेनली ने अपने कुल कर्मचारियों में से लगभग 3 प्रतिशत यानी 2,500 लोगों को नौकरी से निकाल दिया है. यह छंटनी बैंक के तीन प्रमुख युनिट इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और ट्रेडिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट में की गई है.
राहत की बात यह है कि इस फैसले का असर कंपनी के फाइनेंशियल एडवाइजर्स पर नहीं पड़ा है. बता दें कि दिसंबर 2025 तक कंपनी के पास दुनिया भर में करीब 82,992 कर्मचारी थे.
AI वजह नहीं, तो फिर मॉर्गन स्टेनली ने कर्मचारियों को क्यों निकाला?
अक्सर कंपनियां टेक्नोलॉजी या AI आने के बाद लोगों को कम करती हैं, लेकिन मॉर्गन स्टेनली के मामले में रॉयटर्स की रिपोर्ट बताती है कि यह फैसला बिजनेस स्ट्रेटजी और इंडिविजुअल परफॉरमेंस के आधार पर लिया गया है. बैंक अपनी लोकेशन स्ट्रेटजी में बदलाव कर रहा है और पुराने रोल को खत्म कर उन युनिट्स में नई भर्तियां करने की योजना बना रहा है जहां डेवलपमेंट की ज्यादा संभावना है.
शानदार कमाई के बावजूद छंटनी का फैसला
यह छंटनी तब हुई है जब मॉर्गन स्टेनली के लिए साल 2025 रिकॉर्ड तोड़ रहा है. बैंक ने 70.6 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया है और इसकी आखिरी तिमाही (Q4) में इन्वेस्टमेंट बैंकिंग रेवेन्यू में 47% का भारी उछाल आया था. हालांकि, बैंक ने अभी तक इस छंटनी पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया है, लेकिन पिछले साल भी कंपनी ने करीब 2,000 लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया था.
टेक सेक्टर में AI का खौफ बरकरार
भले ही मॉर्गन स्टेनली का कहना हो कि यह AI की वजह से नहीं है, लेकिन दूसरी टेक कंपनियां बड़े पैमाने पर AI के कारण छंटनी कर रही हैं.हाल में जैक डॉर्सी की कंपनी Block ने वर्कफोर्स को आधा करने का फैसला किया है, वहीं Oracle भी AI कैपेसिटी बढ़ाने के लिए 20,000 से ज्यादा नौकरियां कम करने की योजना बना रहा है.














