कमोडिटी मार्क्ट में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. अब सोना-चांदी की तरह निवेशक आने वाले समय में कोयले में भी ट्रेडिंग कर सकेंगे. दरअसल, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) को प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज में निवेश के लिए सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) से मंजूरी मिल गई है. इसके तहत एक्सचेंज करीब 100 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगा और कोयले के लिए एक नया डिजिटल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा.
MCX ने बताया कि उसे प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज में निवेश के लिए SEBI से अनुमति मिल गई है. एक्सचेंज इस नई पहल के तहत कोयले के ट्रेडिंग के लिए एक अलग प्लेटफॉर्म तैयार करेगा. एक्सचेंज ने कहा कि वह ड्राफ्ट कोल एक्सचेंज नियमों के मुताबिक न्यूनतम नेटवर्थ की शर्त पूरी करने के लिए 100 करोड़ रुपये तक की पूंजी निवेश करने की योजना बना रहा है.
एनर्जी कारोबार में और मजबूत होगा MCX
इस कदम से MCX के एनर्जी सेक्टर से जुड़े कारोबार को मजबूती मिलेगी. अभी MCX पहले से ही क्रूड ऑयल और नेचुरल गैस के डेरिवेटिव बाजार में एक बड़ा प्लेयर है. इसके अलावा पिछले साल एक्सचेंज ने बिजली फ्यूचर्स ट्रेडिंग भी शुरू की थी.
कोयले के लिए बनेगा ट्रांसपेरेंट डिजिटल मार्केट
MCX के मुताबिक प्रस्तावित प्लेटफॉर्म का मकसद कोयले के कारोबार के लिए एक नियमित, ट्रांसपेरेंट और टेक्नोलॉजी बेस्ड मार्केट तैयार करना है. इससे घरेलू बाजार में कोयले की कीमत तय करने की प्रक्रिया और ज्यादा व्यवस्थित और भरोसेमंद हो सकेगी.
नई कंपनी बनाएगा MCX
SEBI की मंजूरी मिलने के बाद MCX एक पूरी तरह अपनी स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनाने की योजना बना रहा है. इसका नाम संभवतः MCX Coal Exchange Limited या MCX Coal Exchange of India Limited रखा जा सकता है.
शुरुआती चरण में इस नई कंपनी में 100% हिस्सेदारी MCX की ही रहेगी. हालांकि आगे चलकर इसमें रणनीतिक साझेदारों को शामिल करने की संभावना भी जताई गई है.
कोयले की फिजिकल डिलीवरी के लिए बनेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म
प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज बाजार आधारित कीमतों पर कोयले की फिजिकल डिलीवरी के लिए एक स्टैडर्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा. इससे कोयले की खरीद-फरोख्त अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी.MCX ने बताया कि नई बनने वाली युनिट के लिए जरूरत के अनुसार,कोयला नियंत्रक संगठन सीओएल (Coal Controller Organisation ) से जरूरी मंजूरी के लिए भी आवेदन करेगी.
कोल एक्सचेंज की मंजूरी के बाद MCX शेयर में तेजी
इस घोषणा के बाद MCX का शेयर करीब 0.90% बढ़कर 2,881 रुपये पर पहुंच गया.अगर रिटर्न की बात करें तो MCX ने पिछले 1 महीने में करीब 19% ,पिछले 6 महीने में करीब 56% और पिछले 1 साल में 140% से ज्यादा रिटर्न दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें- सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड: RBI ने दिया प्रीमैच्योर निकासी का मौका, 200% से ज्यादा रिटर्न, जानिए आपको कितने पैसे मिलेंगे














