Market Closing: शेयर बाजार ने बजट के बाद की अपनी गिरावट को पीछे छोड़ते हुए सोमवार को शानदार रिकवरी दिखाई, जिससे पिछले दो दिनों की गिरावट पर ब्रेक लगा गया. सेंसेक्स 943.52 अंक उछलकर 81,666.46 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 263 अंक (1.06%) की बढ़त के साथ 25,088 पर जा पहुंचा.
बाजार की शुरुआत हालांकि धीमे हुई थी और निफ्टी एक समय 24,800 के नीचे भी फिसला था, लेकिन दिन के चलते ही बाजार में खरीदारी का दौर लौट आया.
इन शेयरों ने भरी उड़ान
मार्केट में आज टॉप गेनर्स की बात करें तो उसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, L&T और पावर ग्रिड के साथ ऑटो और ऑयल और गैस जैसे शेयरों में भी अच्छी तेजी देखी गई.
इन शेयरों ने किया निराश
तेजी के माहौल में भी IT सेक्टर के साथ बैंकिंग सेक्टर ने आज निवशकों को निराश किया. रुपये की मजबूती और डॉलर के मुकाबले उतार-चढ़ाव के चलते IT शेयरों पर दबाव बना रहा.
बाजार में बढ़त की बड़ी वजहें
रविवार को बजट में F&O पर STT बढ़ाए जाने से बाजार गिरा था, लेकिन जानकारों का मानना है कि अब निवेशक इस खबर से आगे निकल आए हैं. इसके अलावा ऑटो सेक्टर में हुंडई इंडिया और बजाज हाउसिंग फाइनेंस जैसी कंपनियों के तिमाही नतीजों ने सेंटीमेंट को पॉजिटिव रखा. वहीं, क्रूड ऑयल की कीमतों में कमी के चलते केमिकल सेक्टर के शेयरों को मजबूती मिली.
क्या बोले एक्सपर्ट्स?
मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि निफ्टी के लिए 24,800-24,600 का लेवल एक अच्छा सपोर्ट जोन बन गया है. हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की बिकवाली अब भी एक चुनौती बनी हुई है, लेकिन घरेलू निवेशकों का भरोसा बाजार को गिरने नहीं दे रहा है.














