उत्तर प्रदेश में शराब महंगी होने वाली है. देसी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर के दाम बढ़ने वाले हैं. नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, आगरा, मेरठ समेत प्रदेशभर में शराब पीना महंगा होने वाला है. उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2026-27 के लिए नई आबकारी नीति को मंजूरी दे दी है. इस नई नीति का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है, क्योंकि 1 अप्रैल से प्रदेश में शराब की कीमतें बदलने जा रही हैं. अगर आप एनसीआर के नोएडा या गाजियाबाद में रहते हैं, तो नई नीति के तहत आपकी फेवरेट ड्रिंक के लिए आपको ज्यादा पैसे ज्यादा खर्च करने होंगे. हम बता दे रहे हैं कि नई आबकारी नीति के तहत कौन-सी शराब कितनी महंगी हो जाएगी.
सबसे पहले नई नीति की 4 बड़ी बातें जो आपको जाननी चाहिए
- दुकानों का समय: शराब की दुकानें पहले की तरह सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ही खुलेंगी.
- पारदर्शिता: दुकानों का आवंटन अब ई-लॉटरी सिस्टम के जरिए होगा, जिससे धांधली की गुंजाइश कम होगी.
- नया पैक: सरकार ने 42.8% v/v वाली शराब के लिए 100 ml का नया पैक भी बाजार में उतारने का फैसला किया है.
- लागू होने की तारीख: नई कीमतें 1 अप्रैल से प्रभावी होंगी. सरकार का लक्ष्य इस नीति के जरिए कुल 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाना है.
देसी शराब: अब राउंड फिगर में दाम, इतने रुपये ज्यादा देने होंगे
नई नीति में देसी शराब की कीमतों में सीधा इजाफा किया गया है. सरकार ने कीमतों को राउंड फिगर में रखने का फैसला किया है. अब देसी और यूपी मेड शराब (UPML) की एमआरपी (MRP) को अगले 10 रुपये के मल्टीपल में राउंड अप किया जाएगा (सिर्फ 25% v/v स्ट्रेंथ को छोड़कर). नई दरों के अनुसार, 36 प्रतिशत अल्कोहल वाली देसी शराब की बोतल, जो पहले 165 रुपये में मिलती थी, अब 173 रुपये की मिलेगी. कीमतों में बढ़त की बात करें तो प्रति बोतल लगभग 5 से 8 रुपये तक की बढ़ोतरी तय की गई है.
अंग्रेजी शराब और बीयर: क्या नोएडा-गाजियाबाद में बढ़ेंगे रेट?
अंग्रेजी शराब (IMFL) के शौकीनों के लिए ये खबर मिली-जुली है. दरअसल ऐसी शराब की दुकानों की लाइसेंस फीस में 7.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. लाइसेंस फीस में बढ़त के अलावा 'इंडियन मेड फॉरेन लिकर' (IMFL) पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी में मामूली बढ़ोतरी की गई है. लाइसेंस फीस बढ़ने के कारण रिटेलर्स कीमतों में कुछ इजाफा कर सकते हैं. भांग की दुकानों की लाइसेंस फीस में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है.
बीयर और वाइन पर अलग व्यवस्था
नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), गाजियाबाद, लखनऊ और वाराणसी जैसे बड़े शहरों के लिए सरकार ने खास व्यवस्था की है. लो-अल्कोहल वेंड्स की बात करें तो इन शहरों में बीयर, वाइन और रेडी-टू-ड्रिंक (RTD) पेय पदार्थों के लिए अलग से 'लो-अल्कोहल प्रीमियम रिटेल वेंड्स' खोलने की अनुमति दी गई है. वहीं, सरकार ने स्टैंडर्ड वाइन पर एक्साइज ड्यूटी को तर्कसंगत बनाया है, जिससे इसकी कीमतों में कुछ कमी आने की उम्मीद है. हालांकि, 'फोर्टिफाइड वाइन' पर अतिरिक्त लेवी लगाई जाएगी.














