एक झटके में भारतीयों ने कमा लिए 20 लाख करोड़, अदाणी ग्रुप के शेयर बने रॉकेट 

Share Market Boom: अदाणी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त उछाल, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 10% तक बढ़े, अमेरिकी बाजार से जुड़े कारोबार में फायदा. भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति के बाद BSE सेंसेक्स और NSE निफ्टी में बड़ी तेजी का फायदा मिला.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Share Market: एक झटके में मोटी कमाई

सोमवार की शाम भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बनी और मंगलवार सुबह मार्केट खुलते ही BSE-सेंसेक्‍स और NSE-निफ्टी में तूफानी तेजी देखी गई. प्री-ओपनिंग सेशन में ही सेंसेक्स ने 3,800 अंकों की ऐतिहासिक छलांग लगाई, वहीं निफ्टी में भी 1,500 अंकों के साथ बड़ा उछाल देखा गया. वहीं, करीब 9:31 बजे सेंसेक्स 2254 अंकों के उछाल के साथ 83,920.51 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि NSE निफ्टी 691 अंकों के उछाल के साथ 83,920.51 पर ट्रेड कर रहा था. सुबह 11 बजे के करीब शेयर मार्केट में जारी धुआंधार तेजी के बीच निवेशकों की मौज हो गई. 30 शेयरों वाले BSE सेंसेक्‍स के मार्केट कैप में एक झटके में 20 लाख करोड़ रुपये का इजाफा देखा गया. सोमवार को मार्केट क्‍लोजिंग के समय ये आंकड़ा 455 लाख करोड़ रुपये के करीब था, जो मंगलवार को 474 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. 

अमेरिका ने 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ घटाकर 18% करने पर सहमति जताई है. इसे भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

टॉप-10 गेनर स्टॉक्स की बात करें, तो अदाणी ग्रुप की कंपनियों (Adani Group Companies) के अलावा, बजाज फाइनेंस (6.50%), इटरनल शेयर (4.50%), बजाज फिनसर्व (4.31%), इंडिगो (3.99%), महिंद्रा एंड महिंद्रा शेयर (3.95%), सनफार्मा (3.63%), इंफोसिसि (3.50%), टाइटन (3%) और मारुति (2.94%) की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे.

अदाणी ग्रुप के शेयरों में तूफानी तेजी 

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिली. सबसे ज्यादा तेजी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) के शेयर में रही, जो करीब 10% के अपर सर्किट के पास ट्रेड करता दिखा.

शेयर बाजार में तेजी के माहौल के बीच अदाणी ग्रीन और अदाणी एनर्जी के शेयरों में भी 7% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई. इसके अलावा, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी पावर, अंबुजा सीमेंट्स और अदाणी टोटल के शेयर भी 4% से ज्यादा चढ़ गए.

अदाणी ग्रुप की कंपनियों में निवेशकों का भरोसा भारत-अमेरिका ट्रेड डील की वजह से और मजबूत हुआ है. ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अदाणी ग्रुप को इस डील से फायदा उठाने वाले बड़े समूहों में शामिल बताया है.

अमेरिका के साथ अदाणी ग्रुप की कंपनियों का सीधा कारोबार 

जेफरीज के मुताबिक, अदाणी ग्रुप की कई कंपनियों का अमेरिका से सीधा कारोबार जुड़ा हुआ है, इसी वजह से उन्हें इस ट्रेड डील का बड़ा फायदा मिल सकता है. इसके साथ ही ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनियां, सोलर मैन्युफैक्चरर्स, केमिकल कंपनियां और टेक्सटाइल सेक्टर को भी इस समझौते से लाभ मिलने की उम्मीद है.

Advertisement

हाल ही में जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी जेसीआरए ने अदाणी ग्रुप की तीन कंपनियों-अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड (एपीएसईजेड), अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल)-की रेटिंग शुरू की है. इन तीनों कंपनियों को 'स्टेबल' आउटलुक के साथ लंबी अवधि की विदेशी मुद्रा क्रेडिट रेटिंग दी गई है.

जापान की रेटिंग एजेंसी ने अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) को ए- (स्टेबल) रेटिंग दी है. यह एक खास उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि किसी भारतीय कंपनी को अंतरराष्ट्रीय एजेंसी से देश की सॉवरेन रेटिंग से ऊपर की रेटिंग मिलना बहुत दुर्लभ है. वहीं, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को बीबीबी+ (स्टेबल) रेटिंग दी गई है, जो भारत की सॉवरेन रेटिंग के बराबर है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: Gold silver rate today live: 20,000 रुपये तक चढ़ गई चांदी, सोना भी 7,300 तक बढ़ा 

Featured Video Of The Day
India-America Trade Deal के बाद Share Market में भारी उछाल..Sensex, Nifty ने लगाई छलांग | Breaking