Fruits Vegetables Prices Latest: दिल्ली-नोएडा में चैत्र नवरात्र के बीच फल-सब्जियों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. मौसम ने भी पिछले 2-3 दिनों में अलग ही करवट ली है. बुधवार की शाम की बारिश के बाद से बदले मौसम का असर फल-सब्जी की मंडियों में दिख रहा है. थोक कीमतों में बहुत बदलाव नहीं होने के बावजूद स्थानीय बाजारों में फल-सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है. शुक्रवार की शाम फल की कीमतों में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखी गई. अंगूर, अनार, संतरे, केले, सेब और यहां तक कि खरबूज भी थोड़े महंगे बिक रहे है.
एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी- आजादपुर मंडी में शु्क्रवार को खरीदारों की संख्या अन्य दिनों की तुलना में कम देखी गई. इसका असर मांग और थोक कीमतों पर भी देखा गया. थोक में फल थोड़े सस्ते बिके, जबकि खुदरा बिक्रताओं ने सब्जियां भी थोड़े कम भाव पर ही खरीदी. बावजूद इसके स्थानीय बाजारों में फल-सब्जियां महंगी बिक रही हैं. आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में फलों और सब्जियों के लिए लोगों की जेब थोड़ी और ढीली हो सकती है.
थोक में सस्ता और खुदरा महंगा
मंडी में शुक्रवार को थोक व्यापारियों को अपना माल कम मार्जिन पर बेचना पड़ा. अंगूर की पेटी खुदरा बिक्रेताओं को तो सस्ती पड़ी, लेकिन इसका असर स्थानीय मार्केट में नहीं दिखा. स्थानीय खुदरा बाजारों में नवरात्रि की मांग के कारण फल महंगे बिक रहे हैं. अंगूर और अनार 200 से 250 रुपये/किलो तक बिक रहे हैं. संतरे का भाव 120 से 200 रुपये तकहो चला है, वहीं 40 से 50 रुपये/दर्जन मिलने वाला केला अब 80 रुपये/दर्जन तक पहुंच गया है. स्थानीय बाजारों में केला, पपीता, चीकू और अमरूद जैसे फलों की मांग भी बनी हुई है.
क्या हरी सब्जियां भी होंगी महंगी?
फलों के अलावा सब्जियों की बात करें तो खुदरा बाजारों में हरी सब्जियां भी करीब 7 से 10 फीसदी तक महंगी हो गई हैं. रविवार को आजादपर मंडी भी बंद रहने वाली है. ऐसे में बारिश के कारण प्रभावित सप्लाई चेन और प्रभावित हो सकती है. स्थानीय बाजारों में सब्जियों की कमी हुई तो ये थोड़ी महंगी बिक सकती हैं.
आजादपुर मंडी मर्चेंट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सनी लांबा ने NDTV इंडिया डिजिटल से बातचीत में बताया कि सब्जियों की कीमतें फिलहाल नहीं बढ़ी हैं. थोक स्तर पर भाव में कोई बड़ा बदलाव नहीं है. खुदरा बाजारों में सब्जियां महंगी होने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि रविवार को मंडी बंद रहती है, तो जिन बाजारों में सब्जियों का स्टॉक कम हो और मांग ज्यादा, तो वहां कीमतें थोड़ी महंगी हो सकती हैं.
उन्होंने बताया कि आलू की कीमतें पहले ही काफी कम हैं और बारिश के चलते इन पर प्रभाव नहीं पड़ने वाला. वे बोले- 'अमूमन बारिश के मौसम में सब्जियां महंगी हो जाती हैं, लेकिन इस छिटपुट, एक-दो दिन की बारिश से फिलहाल असर पड़ता नहीं दिख रहा.' हालांकि उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया कि आने वाले दिनों में सब्जियों की कीमतें बढ़ सकती हैं.
ये भी पढ़ें: PRARAMBH 2026: टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, सरकार ने शुरू की ये खास सुविधा, दूर होगा आपका हर कंफ्यूजन














