विज्ञापन

विक्रम भट्ट की ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ का टीजर रिलीज, गर्मियों में लौटेगा डर का असली खेल

बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है.

विक्रम भट्ट की ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ का टीजर रिलीज, गर्मियों में लौटेगा डर का असली खेल
विक्रम भट्ट की ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ का टीजर रिलीज

बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. टीजर की शुरुआत ही एक डरावने माहौल के साथ होती है और यह संकेत देता है कि यह फिल्म दर्शकों को लंबे समय बाद खालिस और गंभीर हॉरर का अनुभव देने वाली है. यह फिल्म ‘हॉन्टेड – 3डी' की विरासत को आगे बढ़ाती है और एक बार फिर उस दुनिया में ले जाती है, जहां अधूरा प्यार, दबी हुई सच्चाइयां और बेचैन आत्माएं साथ-साथ मौजूद हैं. 

टीजर में दिखाए गए दृश्य बताते हैं कि कहानी केवल अलौकिक घटनाओं पर आधारित नहीं होगी, बल्कि इसमें इंसानी भावनाओं की गहराई भी होगी. फिल्म की टैगलाइन के मुताबिक, “नफरत दरअसल प्यार का ही बिगड़ा हुआ रूप है.” टीजर में डर पैदा करने वाले सन्नाटे, रहस्यमयी परछाइयां और 3डी प्रभाव का संकेत देने वाली झलकियां देखने को मिलती हैं. आज के दौर में जब हॉरर को अक्सर कॉमेडी या दिखावे के साथ मिलाकर पेश किया जाता है, ऐसे में यह फिल्म दर्शकों को फिर से असली हॉरर का अनुभव देने का दावा कर रही है.

इस फिल्म के जरिए विक्रम भट्ट एक बार फिर निर्देशन में वापसी कर रहे हैं. विक्रम भट्ट को भारतीय सिनेमा में हॉरर शैली को स्थापित करने वाले प्रमुख निर्देशकों में गिना जाता है. ‘राज', ‘1920' और ‘हॉन्टेड' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों को डर और भावनाओं का अलग ही अनुभव दिया है.

फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती, श्रुति प्रकाश, गौरव बाजपेयी और प्रणीत भट्ट अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इसका निर्माण आनंद पंडित और राकेश जुनेजा कर रहे हैं. सह-निर्माता के तौर पर रूपा पंडित, दिलीप जायसवाल, राहुल वी दुबे, मनीष भूषण मिश्रा और संजय सिंह जुड़े हैं. ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' हिंदी, तमिल और तेलुगु में 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haunted 3D, Haunted 3D Teaser, Film Haunted 3D, Haunted 3D Echoes Of The Past, Vikram Bhatt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com