सनी देओल ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं, जिसमें बॉर्डर, गदर, इंडियन, घातक जैसी फिल्मों का नाम शामिल है. लेकिन क्या आप धर्मेंद्र के बेटे की उस फिल्म के बारे में, जिसमें वह केवल दूसरे हाफ में नजर आए और नेशनल अवॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस फिल्म को 30 अप्रैल को 33 साल पूरे हो गए हैं. हम बात कर रहे हैं ब्लॉकबस्टर फिल्म दामिनी की, जिसकी एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपनी प्रतिष्ठित फिल्म दामिनी के 33 वर्ष पूरे होने पर पुरानी यादों को ताजा किया.
ऋषि कपूर ने दिखाई थी ड्राइविंग स्किल

अभिनेत्री मीनात्री शेषाद्रि ने फिल्म के प्रतिष्ठित गीत जबसे तुमको देखा है सनम की शूटिंग के दौरान का एक मजेदार बिहाइंड-द-सीन्स (बीटीएस) पल याद किया और बताया कि दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर ने किस तरह एक मुश्किल शॉट को आसान बना दिया था. अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए मीनाक्षी ने बताया कि गाने के शुरुआती शॉट में उन्हें मैसूर की हरियाली के बीच चलती कार के ऊपर बैठना था. उन्होंने लिखा, “दामिनी की 33वीं वर्षगांठ का जश्न जारी है. ‘दामिनी' एक गंभीर और भावनात्मक ड्रामा फिल्म थी लेकिन इसमें बेहद मधुर और यादगार संगीत भी था. ‘जबसे तुमको देखा है सनम' एक बेहद प्यारी और सदाबहार धुन है, जिसकी शूटिंग मैसूर की खूबसूरत हरियाली में हुई थी. इस गाने के शुरुआती शॉट में नायिका को चलती कार के ऊपर बैठे हुए दिखाया गया है. यह लगभग एक स्टंट शॉट जैसा था और इसमें खुद को स्थिर रखते हुए सहज और रोमांटिक दिखना काफी मुश्किल था. ऋषि कपूर जी ने भी शानदार ड्राइविंग कौशल दिखाया और कार को इस तरह संभाला कि मैं स्थिर रह सकूं, साथ ही कैमरा क्रू के साथ बेहतरीन तालमेल भी बनाए रखा.”
1993 में रिलीज हुई थी दामिनी

राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित दामिनी वर्ष 1993 में रिलीज हुई थी. फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्रि, ऋषि कपूर, सनी देओल, अमरीश पुरी, कुलभूषण खरबंदा और रोहिणी हथिंगणी जैसे दमदार कलाकार शामिल थे. फिल्म की कहानी दामिनी नाम की एक सरल लेकिन नैतिक मूल्यों वाली महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने देवर और उसके दोस्तों द्वारा नशे की हालत में किए गए गंभीर अपराध की गवाह बनने के बाद अपनी घरेलू सहायिका को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती है. बाद में उसके ससुराल वाले भी अपराधियों का साथ देने लगते हैं. फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्रि द्वारा निभाया गया ‘दामिनी' का किरदार उस दौर के सबसे सशक्त महिला किरदारों में से एक माना जाता है.
सनी देओल दूसरे हाफ में आए थे नजर

दामिनी फिल्म सनी देओल के दमदार कोर्टरूम दृश्यों और मशहूर संवादों- “तारीख पे तारीख…” और “ये हाथ जब उठ जाता है तो आदमी उठता नहीं, उठ जाता है”- के लिए भी याद की जाती है. IMdb के अनुसार, सनी देओल को दामिनी के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था. जबकि वह फिल्म के केवल दूसरे हाफ में नजर आए थे. फिल्म 2 करोड़ के बजट में 11 करोड़ कलेक्शन करके बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई.
ये भी पढ़ें- समर्थ जुरेल ने दिखाया मुंबई वाला घर, फराह खान के कुक दिलीप ने कहा- मेरा घर आपसे बड़ा है, यूं मिला जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं