नमित मल्होत्रा की रामायणम् ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर एक मॉन्यूमेंट माइलस्टोन अपने नाम करते हुए 1000 करोड़ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कनेक्शन का आंकड़ा अपने नाम कर चुकी है. ऐसे में फिल्म में सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी की आवाज और एक्सप्रेशन को हिंदी में पेश करने वाली अमी त्रिवेदी ने बताया कैसे उन्होंने अयोध्या छोड़ने वाले भावुक सीन से लेकर रावण के सामने सीता के आत्मविश्वास तक को खूबसूरती से अपनी आवाज के जरिए पेश किया है.
फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट 1' के हिंदी वर्जन में साई पल्लवी के किरदार सीता को अपनी आवाज देने वाली डबिंग आर्टिस्ट और एक्ट्रेस अमी त्रिवेदी ने इस एक्सपीरियंस को बेहद खास बताया है. 17 साल की उम्र में वॉयस आर्टिस्ट के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाली अमी इससे पहले हैरी पॉटर, मुलान, ‘ब्लैक विडो' की येलेना बेलोवा और 2025 में आई फिल्म ‘सुपरमैन' में लॉइस लेन जैसे किरदारों को भी अपनी आवाज दे चुकी हैं. इसके अलावा छोटे पर्दे पर वह कई हिट शो में बतौर एक्ट्रेस नजर आईं. उनके चर्चित शो में पापड़ पोल, कुमकुम, ये रिश्ता क्या कहलाता है, अदालत, चिड़ियाघर जैसे शो शामिल हैं.

Photo Credit: social media
मीडिया से की गई एक खास बातचीत में अमी त्रिवेदी ने बताया कि साई पल्लवी की आवाज और उनके एक्टिंग के अंदाज के साथ तालमेल बैठाना उनके लिए कैसा एक्सपीरियंस रहा. उन्होंने यह भी बताया कि सीता जैसे अहम और दिव्य किरदार को आवाज देते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी था.
साई पल्लवी की परफॉर्मेंस ने काम आसान बनाया
साई पल्लवी की आवाज, डायलॉग बोलने के तरीके और फीलिंग्स को समझने के बारे में अमी ने कहा, “साई पल्लवी के किरदार के लिए ऑडिशन देना मुझे किसी दैवीय संयोग जैसा लगा. माइक्रोफोन पर मेरी आवाज उनके किरदार के साथ अच्छी तरह मेल खा गई. नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा ने भी यही बात कही. जब मैंने उनकी परफॉर्मेंस देखी तो मुझे लगा कि अब उनके काम के साथ पूरा न्याय करने की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उन्होंने बेहद खूबसूरती और सहजता से अपना किरदार निभाया है. उनकी एक्टिंग इतनी नैचुरल थी कि उनके सीन में खुद को ढालना मेरे लिए आसान हो गया. मैं बस इस बात का खयाल रखना चाहती थी कि मैं उनकी उम्मीदों पर खरी उतरूं.”

अमी ने बताया कि किरदार को बेहतर ढंग से समझने के लिए उन्होंने फिल्म के निर्देशक और निर्माता के साथ बातचीत की थी. इस दौरान उनकी साई पल्लवी से भी बात हुई, जिन्होंने उन्हें बताया कि कुछ खास सीन को निभाते समय उनके मन में क्या भाव चल रहे थे. अमी के मुताबिक, “हमारी बातचीत का मुख्य उद्देश्य किरदार की भावनाओं और उसके मूल स्वरूप को समझना था. सौभाग्य से मेरी आवाज साई की आवाज से मेल खा रही थी. इसके अलावा निर्देशक ने मुझे सीन को किस तरह निभाना है, इस बारे में भी टिप्स दिए थे. मैंने साई से भी बात की थी. उन्होंने बताया कि कुछ सीन को करते समय उनके मन में क्या चल रहा था. इससे मुझे अपने किरदार को समझने में काफी मदद मिली.”
सीता के किरदार की गरिमा बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती
अमी ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती साई पल्लवी के अभिनय के साथ तालमेल बिठाते हुए सीता के किरदार की मूल भावनाओं को बनाए रखना था. उन्होंने कहा, “सीता एक दिव्य किरदार हैं और उनसे कई भावनाएं जुड़ी हुई हैं. मैं उनके किरदार के साथ पूरी ईमानदारी बरतना चाहती थी. मुझे साई पल्लवी द्वारा तैयार किए गए दायरे में रहकर ही अपनी आवाज देनी थी. मैं अपने अभिनय को न तो जरूरत से ज्यादा करना चाहती थी और न ही कम. मैं नहीं चाहती थी कि किरदार को निभाते समय मेरी आवाज कहीं भी गलत लगे.”
अयोध्या छोड़ने वाला दृश्य रहा बेहद खास
फिल्म के एक खास सीन के बारे में बात करते हुए अमी ने बताया कि जब राम, सीता और लक्ष्मण अयोध्या छोड़कर जा रहे होते हैं और सीता वहां के नागरिकों को संबोधित करती हैं, तो उस सीन में कई तरह की भावनाएं दिखाई देती हैं. उन्होंने कहा, “उस सीन में सीता की आंखों में आंसू हैं, लेकिन साथ ही वह एक रानी, राजकुमारी और योद्धा भी हैं. इसके बावजूद उनके भीतर बहुत दयालुता है. साई पल्लवी ने अपने अभिनय में इन सभी भावनाओं को बहुत खूबसूरती से दिखाया है. एक जगह उनकी आवाज भी थोड़ी भर्रा जाती है. मुझे भी अपनी डबिंग में उनकी आवाज के उस बदलाव को उसी तरह उतारना था. नितेश तिवारी इस दृश्य को लेकर काफी क्लियर थे.”

इसके अलावा अमी ने उस सीन का भी जिक्र किया, जिसमें रावण, जिसका किरदार यश निभा रहे हैं, सीता का हरण करके उन्हें अपने साथ ले जाता है. इस सीन में सीता रावण को संबोधित करते हुए कहती हैं, ‘मेरे राम आएंगे.' अमी के अनुसार इस सीन में भी कई तरह के भावनात्मक उतार-चढ़ाव हैं.
साई पल्लवी के अभिनय को समझकर दी आवाज
अमी ने बताया कि डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर उनका सबसे बड़ा उद्देश्य मूल कलाकार के अभिनय के साथ न्याय करना होता है. वह अपने व्यक्तिगत अंदाज को किरदार पर हावी नहीं करना चाहती थीं. उन्होंने कहा, “आपको सिर्फ अपने किरदार को समझने की जरूरत होती है. जब मैं सीता के लिए आवाज दे रही थी, तब मेरा अपना अभिनय महत्वपूर्ण नहीं था. एक डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि मैं कलाकार के अभिनय के साथ पूरा न्याय करूं. मैंने खुद को साई पल्लवी के किरदार और उनके अभिनय में पूरी तरह ढालने की कोशिश की. मैं किरदार को अपने नजरिए से पेश नहीं करना चाहती थी.”
‘रामायणम्' की अगली कड़ी का इंतजार
अमी ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही रामायणम् की कई अलग-अलग परफॉर्मेंस देखी हैं, इसलिए सीता के किरदार को लेकर उनके मन में पहले से कुछ धारणाएं थीं. हालांकि फिल्म में रामायणम् की कहानी को जिस तरह पेश किया गया है, वह उन्हें काफी पसंद आया. उन्होंने कहा, “हम सभी ने बचपन से किसी न किसी रूप में रामायणम् देखी है. इसलिए इस कहानी को लेकर हमारे मन में पहले से एक छवि बनी हुई है. लेकिन इस फिल्म में रामायणम् के मूल भाव को जिस तरह दिखाया गया है, वह मुझे दिल से महसूस होता है.”
फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर अमी ने बताया कि फिलहाल उसकी डबिंग शुरू नहीं हुई है और इसमें अभी समय लगेगा. उन्होंने कहा कि वह एक दर्शक के तौर पर भी फिल्म की अगली कड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं.
दुनिया द्वारा सबसे ज्यादा पूजे जाने वाले महाकाव्यों में से एक 'रामायणम्' को बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे.
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी 'रामायणम्' को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है. यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज हो रही है. फिल्म का पार्ट 1, 5 नवंबर 2026 को रिलीज हो चुका है, जबकि पार्ट 2 दिवाली 2027 में दुनियाभर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी. फिल्म को सोनी पिक्चर्स दुनिया भर में भारत छोड़कर रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं. फिल्म दुनियाभर में IMAX में रिलीज की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं