धुरंधर में धमाल मचाने के बाद अक्षय खन्ना अपनी नई फिल्म के साथ लौट आए हैं. दरअसल, वह मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘महाकाली' में नजर आएंगे, जिसकी रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही इसकी पहली झलक भी सामने आ गई है. फिल्म की पहली झलक में शानदार सिनेमाई पर्दे पर न सिर्फ महाकाली का रौद्र रूप नजर आ रहा है, बल्कि शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना का खौफनाक अवतार भी चर्चा का विषय बन गया है. अपनी पिछली फिल्म में रहमान डकैत से सबके दिलों में खौफ पैदा करनेवाले अक्षय खन्ना ने 'महाकाली' के जरिए अपने दर्शकों को यह बता दिया है कि इस फिल्म में भी उनके लिए काफी कुछ होगा.
महाकाली में शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना की पहली झलक
'महाकाली' की पहली झलक में धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक ऐसे महायुद्ध की ओर इशारा किया गया है, जो सिर्फ अच्छाई और बुराई की लड़ाई तक सीमित नहीं है. असुरों के शक्तिशाली गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह संघर्ष एक ऐसे बड़े महायुद्ध की झलक देता है, जो पूरी दुनिया के भविष्य का फैसला करती है. दमदार दृश्यों के साथ युद्ध की भयावह आहट और रहस्यमयी माहौल के बीच ‘द एंड बिगिन्स' का संकेत इस महायुद्ध की गंभीरता को और बढ़ाता है. इस झलक का सबसे बड़ा आकर्षण अक्षय खन्ना हैं, जो शुक्राचार्य के किरदार में बेहद खौफनाक और दमदार नजर आ रहे हैं. उनकी तीखी नजर, प्रभावशाली व्यक्तित्व और किरदार में दिखाई देने वाली गहराई दर्शकों का ध्यान खींचती है. उनके फर्स्ट लुक से पैदा हुई उत्सुकता के बाद अब पहली झलक में उनके किरदार की वास्तविक झलक देखने को मिल रही है, जिसने फिल्म को लेकर रोमांच और बढ़ा दिया है.
महाकाली की दुनिया
निर्माता रिवाज दुग्गल का कहना है, “'महाकाली' की कहानी एक ऐसी दुनिया से आती है, जिसकी जड़ें हमारी भारतीय इतिहास में गहराई से जुड़ी है. हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि इसे आज के दर्शकों के लिए उस स्तर के भव्य और सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाए, जिसके वे हकदार है. इस झलक के जरिए हम दर्शकों को उस दुनिया की पहली झलक दे रहे हैं, जिसकी हमने कल्पना की है. अक्षय खन्ना द्वारा शुक्राचार्य का किरदार निभाना कहानी में जबरदस्त गहराई लेकर आता है. हम दर्शकों को उस बड़े महायुद्ध का अनुभव कराने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जिसकी शुरुआत ‘महाकाली' से होती है. हालांकि यह सिर्फ एक शुरुआत है, एक बहुत बड़ी सिनेमाई यात्रा अभी बाकी है और हम दर्शकों के साथ इसे बड़े पर्दे पर साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.”
महाकाली की रिलीज डेट
‘हनुमान' के बाद प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स ने ‘महाकाली' को बनाया है. आरके दुग्गल द्वारा प्रस्तुत और आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले रिवाज रमेश दुग्गल द्वारा निर्मित ‘महाकाली' का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है. यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली कड़ी है. फिल्म में अक्षय खन्ना के साथ भूमि शेट्टी, श्रिया रेड्डी, रोहित सराफ और कई अन्य प्रमुख कलाकार नजर आएंगे. ‘महाकाली' 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं