छठ पूजा आते ही एक और नाम चर्चा में रहता है. ये नाम है शारदा सिन्हा का जिन्होंने इस पर्व के लिए इतने गीत गाए कि उनका याद आया लाजमी है. आज वो इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन छठ घाटों पर उनकी आवाज में वो मधुर गीत आज भी गूंजते हैं और लीजेंड्री सिंगर के फैन्स की आंखों को नम कर जाते हैं. उनकी गायकी में छठी मैया के लिए जो भाव सुनाई देता है वह बिहार-झारखंड की संस्कृति का अटूट हिस्सा बन चुका है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठ गीतों की क्वीन मानी जाने वाली शारदा सिन्हा केवल भक्ति गीत तक सीमित नहीं थीं. उन्होंने हिंदी फिल्मों के लिए भी गाने गाए जो कि आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं.
सलमान खान की दो फिल्मों में दिए दो सुपरहिट नंबर
साल 1989 में सलमान खान की बतौर हीरो पहली फिल्म रिलीज हुई. इस फिल्म का नाम 'मैंने प्यार किया' था. सूरज बड़जात्या की इस डायरेक्टोरियल डेब्यू ने सलमान और भाग्यश्री को रातोंरात स्टार बना दिया. फिल्म का म्यूजिक कमाल का था और एक एक गाना आज भी पसंद किया जाता है. मैंने प्यार किया की म्यूजिक एल्बम में एक एवरग्रीन गाना शारदा सिन्हा का भी था. यह गाना था "कहे तोह से सजना ये तोहरी सजनिया". यह गाना भोजपुरी-मैथिली अंदाज में लिखा गया था. गाने में जो दर्द और इंतजार का भाव है वह शारदा सिन्हा की गायकी की खासियत है. रामलक्ष्मण के म्यूजिक, देव कोहली के बोल और शारदा सिन्हा की आवाज का ऐसा जादू चला कि इस गाने ने फिल्म के रोमांटिक और इमोशनल साइड को और गहरा बना दिया है.
हम आपके हैं कौन में सलमान खान के भाई की शादी का विदाई गीत
सूरज बड़जात्या की ही अगली बड़ी फिल्म हम आपके हैं कौन (1994) बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी. सलमान खान और माधुरी दीक्षित की इस फैमिली ड्रामा फिल्म में 14 गाने थे. इनमें एक विदाई गीत था "बाबुल जो तुमने सिखाया, जो तुमसे पाया, सजन घर ले चली". शारदा सिन्हा की आवाज में गाया गया यह गाना विदाई की रस्म का प्रतीक बन गया. माता-पिता से बिछड़ने का गम और नए घर में कदम रखने की मिक्स फीलिंग्स इसमें साफ सुनाई देती हैं. रविंद्र रावल के बोल और रामलक्ष्मण का म्यूजिक इस गाने को और खास बनाते हैं. आज भी ये गाना आंखें नम कर जाता है.
इनके अलावा शारदा सिन्हा ने गैंग्स ऑफ वासेपुर 2 के लिए 'तार बिजली से पतले हमारे पिया' गाया था. वहीं 2014 में सोहा अली खान की फिल्म चारफुटिया छोकरे में "हल्दी के रंग" नाम से एक गीत गाया था. फिल्म इतनी खास नहीं चली थी लेकिन शारदा सिन्हा का गाना लोगों को पसंद आया. उनकी आवाज फिल्म के लोक-रंग को और निखारने का काम कर गई.
यह भी पढ़ें: 44 साल पुराना गाना, मीरा के भजन की एक लाइन, किशोर कुमार की खुराफात और अमिताभ बच्चन की अदायगी ने बनाया सुपरहिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं