सपना चौधरी का नाम कौन नहीं जानता. उन्होंने अपनी मेहनत से केवल हरियाणा में ही नहीं बल्कि देशभर में अपनी पहचान बनाई है. स्टेज परफॉर्मर से म्यूजिक वीडियो, म्यूजिक वीडियो से बिग बॉस और बिग बॉस से बड़ा पर्दा सपना चौधरी ने अपना हर वो सपना पूरा किया है जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा होगा. उनकी फैन फॉलोइंग इतनी गजब की है कि उनके एक एक गाने को यूट्यूब पर कई मिलियन व्यूज मिलते हैं. आज हम आपको उनके एक ऐसे ही गाने के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे पांच साल में करीब 100 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है.
रेणुका पंवार और सपना चौधरी ने चलाया जादू
हम सपना के जिस गाने की बात कर रहे हैं. उसमें स्क्रीन पर तो सपना चौधरी नजर आती हैं लेकिन पर्दे के पीछे इसमें अपनी आवाज का जादू चलाया रेणुका पंवार ने. ये सुपर डुपर हिट गाना है 'चटक मटक'. इस गाने के बोल बिट्टू सोरखी ने लिखे थे और रेणुका ने अपने अंदाज में गाकर इसमें चार चांद लगा दिए. अब बात करें गाने की रिलीज की तो 20 दिसबंर 2020 को वत्स रिकॉर्ड्स नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था. किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि ये गाना रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इतना हिट होने वाला है.
म्यूजिक वीडियो में छाईं सपना चौधरी
चटक मटक के म्यूजिक वीडियो ने अपनी खूबसूरती का हर अंदाज पेश किया है. कभी वो सूट पहने नजर आती हैं तो कभी हरियाणवी स्टाइल के लहंगा चुनरी में उनका लुक देखने लायक है. आप कह सकते हैं कि अगर पर्दे के पीछे रेणुका पंवार की आवाज का जादू है तो इसे नेक्स्ट लेवल पर लेकर जाने का काम सपना चौधरी ने अपनी परफॉर्मेंस से किया है. बता दें कि सपना हरियाणा की पॉपुलर आर्टिस्ट हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर स्टेज आर्टिस्ट की थी और वह अपनी मां के साथ अलग अलग शो पर जाया करती थीं. उनके लिए करियर की राह आसान नहीं थी लेकिन सपना ने कभी चुनौती को अपने रास्ते का पत्थर नहीं बनने दिया और आज वो जिस मुकाम पर हैं इससे साबित होता है कि इरादे और लगन से आप किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 16 साल पुराना माता रानी का भजन, नरेंद्र चंचल की आवाज से बना सदाबहार, मां से बात करते-करते हो जाएगा पूरा पूजा-पाठ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं