सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि:मे वॉर रेस्ट इन पीस' का पहला टीजर और ट्रेलर सामने आने के बाद से ही यह फिल्म लगातार सुर्खियां बटोर रही है और दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा रही है. फिल्म की शुरुआती झलकियों ने दर्शकों को इसकी दुनिया की एक झलक दिखाई, जिसके बाद फैंस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए और भी एक्साइटेड हैं. हालांकि इस वॉर ड्रामा का ग्रैंड स्केल पहले से ही चर्चा का विषय बना हुआ है. लेकिन अब डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक ऐसा दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जो इसे बनाने में लगी मेहनत, जुनून और ईमानदारी को दिखाता है.
फिल्म की अब तक सामने आई झलकियों में दिखाए गए दमदार एक्शन और मुश्किल हालात को देखते हुए यह साफ है कि टीम ने किसी भी तरह का शॉर्टकट अपनाने से इनकार कर दिया. हर सीन को रियल बनाने के लिए उन्होंने इनडोर सेट के कम्फर्ट और सुविधाओं के बजाय असली और बेहद कठिन मौसम में शूटिंग करने का फैसला किया. फिल्म के सबसे चैलेंजिंग सीक्वेंस में से एक के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने बताया.
उन्होंने कहा, "शुरुआत में हमने इस सीक्वेंस को मुंबई के एक स्टूडियो में शूट करने की प्लानिंग की थी लेकिन सलमान सर से बात करने के बाद हमें एहसास हुआ कि कोई भी सेट हमें वह असली एहसास नहीं दे सकता. इसलिए हम बाहर गए और सितंबर के आखिरी दिनों में ऐसे पानी में शूटिंग की, जिसका टेम्परेचर करीब जीरो डिग्री के आसपास रहा होगा. जब आप सलमान सर और बाकी कलाकारों को ठंड से कांपते हुए देखते हैं तो वह बिल्कुल भी एक्टिंग नहीं होती. वे हर दिन छह घंटे तक उस बर्फ जैसे ठंडे पानी में रहते थे और शॉट्स के बीच गीले कपड़ों में ही खाना खाते थे. मुझे लगा था कि हम यह शूटिंग एक दिन में पूरी कर लेंगे लेकिन इसमें ढाई दिन लग गए. पूरी क्रू टीम उन्हें इस तरह की मुश्किलों से गुजरते देखकर ही ठंड महसूस कर रही थी."
यह भी पढ़ें: छोटे पर्दे की इस एक्ट्रेस ने रामायण में साई पल्लवी को दी आवाज, बताया कैसे मिली 4000 करोड़ की फिल्म
सलमान खान अपने फिजिकली चैलेंजिंग किरदारों के लिए पूरी मेहनत और डेडिकेशन के साथ काम करने के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में कंट्रोल्ड स्टूडियो में शूटिंग करने के बजाय असली हालात में शूटिंग करने का उनका फैसला ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के लिए उनकी कमिटमेंट को बखूबी दिखाता है. एक सैनिक के किरदार में ढलते हुए सुपरस्टार और उनके कोस्टार्स ने घंटों तक कड़ाके की ठंड का सामना किया. यहां तक कि भीगी हुई वर्दी में ही शॉट्स के बीच खाना खाया, ताकि पर्दे पर दिखने वाले उनके जज्बात और संघर्ष दर्शकों को पूरी तरह असल महसूस हों. अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी और सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले आ रही ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में चित्रांगदा सिंह भी एक अहम किरदार में नजर आएंगी.
यह भी पढ़ें: छोटे पर्दे की इस एक्ट्रेस ने रामायण में साई पल्लवी को दी आवाज, बताया कैसे मिली 4000 करोड़ की फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं