150 एकड़ जमीन, चारों तरफ हरियाली, खेतों में लहलहाती फसलें और बीच में सलमान खान. ये किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि भाईजान की असली दुनिया है. पनवेल में बना उनका फार्म हाउस सिर्फ लग्जरी लाइफ का हिस्सा नहीं, बल्कि खेती का भी बड़ा ठिकाना है. यहां गेहूं, धान से लेकर ऑर्गेनिक फल और ताजी सब्जियां तक उगाई जाती हैं. इतना ही नहीं, शूटिंग से ब्रेक मिलते ही सलमान अक्सर यहीं पहुंचते हैं और कई बार खुद भी खेतों में काम करते नजर आते हैं. उनकी खेती करते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो चुके हैं. यही वजह है कि उनका पनवेल वाला फार्म हाउस हर बार किसी न किसी वजह से चर्चा में बना रहता है और लोग इसके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाहते हैं.
करीब 150 एकड़ में फैला है फार्म हाउस

सलमान खान का ये फार्म हाउस महाराष्ट्र के पनवेल में है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है. उन्होंने इसका नाम अपनी बहन अर्पिता के नाम पर 'अर्पिता फार्म्स' रखा है. यहां लग्जरी कॉटेज, स्विमिंग पूल, जिम और हॉर्स राइडिंग जैसी कई सुविधाएं भी हैं. लेकिन इन सबके बीच खेती के लिए भी बड़ी जगह रखी गई है.
धान, गेहूं और ऑर्गेनिक फल-सब्जियां उगाई जाती हैं

सलमान खान के फार्म हाउस में मौसम के हिसाब से अलग-अलग फसलें उगाई जाती हैं. यहां धान और गेहूं की खेती होती है. इसके अलावा ताजी सब्जियां और कई तरह के ऑर्गेनिक फल भी उगाए जाते हैं. फार्म हाउस में आम, नारियल, केला जैसे कई फलदार पेड़ भी लगे हैं. सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां ऑर्गेनिक तरीके से खेती करने पर खास ध्यान दिया जाता है.
खेतों में उतरकर सलमान खान खुद भी करते हैं काम
सलमान सिर्फ खेती करवाते ही नहीं हैं, बल्कि मौका मिलने पर खुद भी खेतों में उतर जाते हैं. कई बार वो कीचड़ से भरे खेतों में धान लगाते और ट्रैक्टर चलाते नजर आए हैं. कोरोना के समय उन्होंने अपने फार्म हाउस पर काफी वक्त बिताया था. उस दौरान उनकी खेती करते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे.
प्रकृति के करीब रहना है पसंद
सलमान खान कई इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उन्हें प्रकृति के बीच रहना अच्छा लगता है. उनके लिए पनवेल वाला फार्म हाउस सिर्फ छुट्टियां बिताने की जगह नहीं, बल्कि सुकून पाने का ठिकाना भी है. शायद यही वजह है कि शूटिंग से थोड़ा भी ब्रेक मिलते ही भाईजान शहर की भीड़ छोड़कर हरियाली और खेतों के बीच पहुंच जाते हैं. यही उनका प्रकृति से जुड़ाव है, जिसे उनके फैंस भी खूब पसंद करते हैं.
ये भी पढे़ं- इंडिया की नंबर वन सीरीज, 4 सीजन में 32 एपिसोड ने भारतीयों को खूंब हंसाया, 6 सालों से OTT पर कब्जा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं