महाशिवरात्रि के मौके पर सोशल मीडिया पर सदफ शंकर नाम की चर्चा रही. लोग उन्हें देखकर हैरान थे कि दूसरे धर्म की होते हुए भी वो भगवान शिव की इतनी बड़ी भक्त हैं. सोशल मीडिया यूजर्स सर्च करने लगे कि आखिर ये सदफ शंकर हैं कौन? बता दें कि सदफ अफगानिस्तान की मूल निवासी हैं और पेशे से एक मॉडल हैं. सदफ शंकर इन दिनों MTV Splitsvilla X6 में अपनी अलग पहचान और भक्ति के चलते सुर्खियों में छाई हुई हैं. मुस्लिम परिवार से होने के बावजूद वे भगवान शिव की परम भक्त हैं और अपने नाम के साथ ‘शंकर' जोड़कर रखती हैं.
सदफ पिछले करीब 10 साल से भारत में रह रही हैं. वह अब खुद को भारतीय ही मानती हैं. उन्होंने मुम्बई को अपना घर बना लिया है और यहां की संस्कृति व परंपराओं से गहरा लगाव रखती हैं. Splitsvilla की बात करें तो शो के पहले एपिसोड में होस्ट करण कुंद्रा ने उनसे उनके सरनेम के बारे में पूछा. सदफ ने बताया कि भगवान शिव उनके पहले प्रेम और आस्था का केंद्र हैं. उनकी श्रद्धा इतनी गहरी है कि उन्होंने अपने नाम में ‘शंकर' जोड़ा. वे नियमित रूप से पूजा-पाठ करती हैं, व्रत रखती हैं और खाली समय में महादेव का जाप करती रहती हैं. उनका मानना है कि शिवजी ही उनकी जिंदगी को संवार रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Entertainment Top 5: राजपाल यादव के फेक वीडियो से लेकर धुरंधर की 11 मुल्कों की रिपोर्ट तक पढ़े टॉप-2 खबरें
सदफ ने यह भी खुलासा किया कि वे भारत में प्यार की तलाश में आई हैं और आगे चलकर किसी भारतीय लड़के से ही शादी करना चाहती हैं. सोशल मीडिया पर उनके इस बयान की खूब चर्चा हो रही है. कई यूजर्स का कहना है कि वे एक आदर्श बहू बन सकती हैं.
ग्लैमरस अंदाज और सांस्कृति का मिक्स
सदफ अपने बोल्ड और ग्लैमरस लुक के लिए भी जानी जाती हैं. उनकी बिकिनी फोटोज और ट्रेडिशनल इंडियन लुक की तस्वीरें अक्सर वायरल होती रहती हैं. वे हाथों में मेहंदी लगवाती हैं तो त्रिशूल का डिजाइन ही चुनती हैं, जो उनकी शिव भक्ति को दर्शाता है. इंस्टाग्राम पर एक्टिव सदफ अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मेलजोल से फैंस का दिल जीत रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं