फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में कथित शूटरों की शक्ल-सूरत पर टिप्पणी करते हुए उनकी तुलना फिल्मों में अपराधियों की कास्टिंग से की है. राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिन लोगों पर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने का आरोप है, उन्हें किसी फिल्म में खलनायक के गिरोह में चाय लाने वाले लड़कों की भूमिका भी नहीं मिलेगी.
उन्होंने लिखा, "टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले शूटर जैसे दिखते हैं, उन्हें किसी फिल्म में विलेन के अड्डे पर चाय पहुंचाने वाले लड़के का रोल भी नहीं मिलेगा." राम गोपाल वर्मा ने कहा कि वास्तविक जिंदगी के अपराधी अक्सर फिल्मों में दिखाए जाने वाले अपराधियों से काफी अलग दिखते हैं. उन्होंने इस संदर्भ में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भी जिक्र किया. वर्मा ने कहा कि यदि भारत के सबसे चर्चित गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम पर फिल्म बनाई जाए तो हो सकता है कि दाऊद जैसे दिखने वाले व्यक्ति को भी उसका किरदार निभाने के लिए न चुना जाए.
The way the shooters of @iTIGERSHROFF looked like , in a film they wouldn't be cast even as tea supplying boys in a villains den … Come to think of it , if one makes a film on India's most dreaded gangster , no one will cast a guy who looks like Dawood Ibrahim .. Real life casting director is very strange compared to reel life casting director @CastingChhabra 😳
— Ram Gopal Varma (@RGVzoomin) October 23, 2026
उन्होंने लिखा, "असल जिंदगी का कास्टिंग डायरेक्टर, फिल्मी दुनिया के कास्टिंग डायरेक्टर से कहीं ज्यादा अजीब होता है." उन्होंने अपनी पोस्ट में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को भी टैग किया. वर्मा की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई, जबकि कुछ ने अलग राय रखी. एक यूजर ने लिखा, "कास्टिंग डायरेक्टर वही चुनते हैं जो बिक सके, जरूरी नहीं कि वह हकीकत जैसा हो. बॉलीवुड में गैंगस्टर सूट और दाढ़ी में दिखाया जाता है, जबकि असली अपराधी आपके आसपास के आम लोगों जैसे दिख सकते हैं."
एक अन्य यूजर ने लिखा, "आप इतने सालों से फिल्म निर्देशक हैं, अच्छा होगा कि आप खुद भी किसी किरदार को निभाएं, जैसे दाऊद इब्राहिम का." इससे पहले भी राम गोपाल वर्मा ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे एक असामान्य घटना बताया था. उन्होंने कहा था कि आमतौर पर ऐसी वारदातें वसूली, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग या आपसी रंजिश के कारण होती हैं, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर वजह 'अहंकार और दिखावा' नजर आती है. वर्मा ने लिखा था, "टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह पहले कभी नहीं देखा गया. पहली बार ऐसा लग रहा है कि हत्या की कोशिश का कारण वसूली या बदला नहीं, बल्कि अहंकार और प्रतिष्ठा का मामला है."
बता दें कि 19 अक्टूबर को मुंबई के जुहू क्षेत्र स्थित पुष्पा नरसी पार्क के पास एक फुटबॉल क्लब के बाहर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, लेकिन उनके चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं