दूरदर्शन पर प्रसारित महाभारत आज भी भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार और लोकप्रिय धारावाहिकों में गिना जाता है. इस शो ने न सिर्फ दर्शकों को धार्मिक और ऐतिहासिक कहानियों से जोड़ा, बल्कि इसके कलाकारों को भी अमर पहचान दिलाई. खास तौर पर भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले नितीश भारद्वाज को लोगों ने असली कृष्ण की तरह प्यार दिया. अब सालों बाद अभिनेता ने शो की शूटिंग से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया है, जिसे जानकर फैंस हैरान रह गए हैं. उन्होंने बताया कि गीता उपदेश वाले मशहूर सीन के लिए उन्हें घंटों तक बिल्कुल स्थिर खड़ा रहना पड़ता था.
गीता उपदेश वाले सीन के पीछे थी कठिन मेहनत
नीतीश भारद्वाज ने हालिया बातचीत में बताया कि ‘विश्वरूप दर्शन योग' वाला दृश्य शूट करना बेहद चुनौतीपूर्ण था. इस सीन में अर्जुन को भगवान कृष्ण का दिव्य रूप दिखाया जाता है, जिसे उस दौर की तकनीक के हिसाब से बनाना आसान नहीं था. अभिनेता ने बताया कि निर्माता बीआर चोपड़ा हर सीन की तकनीक खुद समझाते थे. उसी दौरान उन्हें बताया गया कि इस दृश्य को ‘स्टॉप ब्लॉक फोटोग्राफी' तकनीक से शूट किया जाएगा. इसमें कैमरा और मुख्य कलाकार दोनों को बिल्कुल स्थिर रहना पड़ता था, ताकि एडिटिंग के बाद दृश्य वास्तविक लगे.
हाथ हिलता तो खराब हो जाता पूरा सीन
नीतीश ने बताया कि शूटिंग के दौरान अगर उनका हाथ थोड़ा भी हिल जाता, तो पूरा सीन बिगड़ सकता था. यही वजह थी कि सेट पर खास लकड़ियों का सहारा बनाया गया था, जिससे वह एक ही पोजिशन में लंबे समय तक खड़े रह सकें. अभिनेता ने खुलासा किया कि उन्हें करीब चार-चार घंटे तक बिना हिले खड़ा रहना पड़ता था. उस दौरान वह अपनी नजर किसी एक जगह पर टिकाकर रखते थे ताकि शरीर में कोई मूवमेंट न हो. आज के वीएफएक्स दौर में जहां ऐसे दृश्य आसानी से तैयार हो जाते हैं, वहीं उस समय इतनी सीमित तकनीक में ऐसा दृश्य बनाना बड़ी उपलब्धि माना जाता है.
आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है ‘महाभारत'
टीवी पर महाभारत पर आधारित कई शोज आए, लेकिन बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत' को जो लोकप्रियता मिली, वह आज भी कायम है. शो के हर किरदार ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. फिरोज खान का अर्जुन और पुनीत इस्सर का दुर्योधन आज भी लोगों को याद हैं. खास बात यह है कि दर्शक कलाकारों को उनके असली नाम से ज्यादा उनके किरदारों के नाम से पहचानते हैं. यही वजह है कि दशकों बाद भी यह शो भारतीय टेलीविजन का एक कल्ट क्लासिक माना जाता है.
यह भी पढ़ें: करिश्मा कपूर के 16 साल के बेटे की 5 फोटो, दिखने लगी है संजय कपूर की झलक, पिता से थी खास बॉन्डिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं