नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई 8 एपिसोड वाली नई क्राइम थ्रिलर सीरीज 'नेमेसिस' ने दर्शकों को चौंका दिया है. 'पॉवर' की क्रिएटर कोर्टनी ए. केम्प और तानी मारोले की ये सीरीज पारंपरिक हीरो-विलेन फॉर्मूले को तोड़ते हुए एक ऐसा ट्विस्ट देती है कि आखिरी एपिसोड तक पहुंचते-पहुंचते दर्शक खुद सोचने लगते हैं, असल में कौन है हीरो और कौन विलेन? नेमेसिस 14 मई 2026 को रिलीज हुई थी. सीरीज में लीड रोल में मैथ्यू लॉ, य'लान नोएल, गैब्रिएल डेनिस, क्लियोपेट्रा कोलमैन, सोफिना ब्राउन और एरियाना ग्वेरा हैं.
क्या है कहानी
नेटफ्लिक्स की ये वेब सीरीज एलएपीडी डिटेक्टिव इजाया स्टाइल्स और मास्टर थीफ कोल्ट्रेन वाइल्डर के बीच चूहे-बिल्ली का एक जबरदस्त गेम है. इजाया एक जुनूनी पुलिस अधिकारी है जो कोल्ट्रेन की डकैतियों को रोकने के चक्कर में खुद अपनी जिंदगी, परिवार और नैतिकता को दांव पर लगा देता है. वहीं कोल्ट्रेन मंझा हुआ अपराधी है जो परिवार के लिए अपराध करता है, लेकिन अपराध भी कुछ कायदों के साथ करता है.

हीरो लगता है विलेन जैसा
जैसे-जैसे सीरीज आगे बढ़ती है, दोनों किरदार एक-दूसरे के इतने करीब आ जाते हैं कि उनकी सीमाएं धुंधली पड़ने लगती हैं. अंतिम एपिसोड में जो ट्विस्ट आता है, वह दर्शकों को शॉक कर देता है, हीरो विलेन की राह पर चल पड़ता है और विलेन हीरो जैसा व्यवहार करने लगता है. कोर्टनी केम्प की खासियत है कि वे नैतिकता के ग्रे एरिया को खूबसूरती से दिखाती हैं. कोई साफ-सुथरा हीरो नहीं, कोई प्योर विलेन नहीं, बस इंसानी कमजोरियां, बदले की आग और परिवार की खातिर किए गए समझौते.

शॉकिंग है IMDb रेटिंग
लेकिन IMDb पर मिली रेटिंग ने सबको चौंका दिया है. इसको 10 में से 5.4 की रेटिंग मिली है. एक्शन और ढेर सारे चौंकाने वाले मोड़ होने के बावजूद ये सीरीज दर्शकों की शानदार रेटिंग हासिल नहीं कर सकी.
8 एपिसोड में ही पूरी कहानी को समेटने का कमाल 'नेमेसिस' ने किया है. सीरीज को जबरदस्ती खींचा नहीं गया है. हर एपिसोड में नया ट्विस्ट और बढ़ता सस्पेंस. अगर आपको हाइस्ट वाले थ्रिलर्स पसंद हैं जिनमें अच्छाई और बुराई के बीच की लाइन बहुत पतली हो, तो 'नेमेसिस' आपके लिए परफेक्ट चॉयस है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं