किशोर कुमार सिर्फ अपनी जादुई आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अनोखे अंदाज और मजाकिया स्वभाव के लिए भी मशहूर थे. उनके बारे में कई ऐसे किस्से सुनने को मिलते हैं, जो आज भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प वाकया अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘डॉन' के सुपरहिट गीत ‘खईके पान बनारस वाला' की रिकॉर्डिंग के दौरान हुआ था. उस दिन स्टूडियो में मौजूद हर शख्स किशोर दा के आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन जैसे ही वह पहुंचे, उनका पहनावा और फिर गाने के शब्दों पर उनकी प्रतिक्रिया देखकर सभी हैरान रह गए. बाद में यही गीत हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार गानों में शामिल हो गया.
पत्नी की चप्पल पहनकर पहुंचे थे किशोर कुमार
इस मजेदार किस्से का जिक्र मशहूर गीतकार समीर अंजान ने ‘द कपिल शर्मा शो' में किया था. उन्होंने बताया कि साल 1978 में वह पहली बार अपने पिता और गीतकार अंजान के साथ रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचे थे. तभी किशोर कुमार वहां चाइना सिल्क की लुंगी और कुर्ता पहनकर पहुंचे. सबसे दिलचस्प बात यह थी कि उन्होंने पैरों में मोजों के ऊपर दो अलग-अलग चप्पल पहन रखी थीं, जिनमें एक उनकी अपनी और दूसरी उनकी पत्नी की थी. इतना ही नहीं, उन्होंने आंखों में काजल भी लगाया हुआ था. उनका यह अंदाज देखकर स्टूडियो में मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
‘चकाचक' और ‘खईके' शब्द पर जताई आपत्ति
रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले अंजान ने उन्हें गाने के बोल सुनाने शुरू किए. जैसे ही उन्होंने “भंग का रंग जमा हो चकाचक…” वाली लाइन सुनाई, किशोर कुमार ने तुरंत टोका और कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी “चकाचक” शब्द नहीं सुना, इसलिए वह यह गाना नहीं गाएंगे. बात यहीं नहीं रुकी. जब मुखड़े में “खईके पान बनारस वाला” आया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह “खईके” नहीं, “खाके” गाएंगे. उनकी इस प्रतिक्रिया से स्टूडियो का माहौल हल्का-फुल्का और मजेदार हो गया.
एक ही टेक में रिकॉर्ड हुआ सुपरहिट गाना
इसके बाद अंजान और समीर अंजान ने किशोर कुमार को समझाया कि फिल्म का किरदार उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि से जुड़ा है, इसलिए स्थानीय बोली के शब्द जानबूझकर इस्तेमाल किए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर इन शब्दों की असली मिठास समझनी है तो बनारस की गलियों में जाना होगा. यह बात सुनकर किशोर कुमार मान गए और रिकॉर्डिंग शुरू की. खास बात यह रही कि उन्होंने पूरा गीत एक ही टेक में रिकॉर्ड कर दिया. रिलीज के बाद ‘खईके पान बनारस वाला' जबरदस्त हिट साबित हुआ और आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय गीतों में गिना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं