धुरंधर के सुपरहिट सॉन्ग ‘शरारत' से सुर्खियों में आईं टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. खबर है कि क्रिस्टस 'देसी ब्लिंग' के कंटेस्टेंट AP ढिल्लों को डेट कर रही हैं. एक वायरल क्लिप के बाद क्रिस्टल ने अपनी इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह किसी आदमी का हाथ पकड़े हुए दिख रही हैं. हालांकि तस्वीर में उस आदमी का चेहरा नहीं दिख रहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इस बात का अंदाजा लगा रहे हैं क्रिस्टल के साथ खड़ा शख्स कोई और नहीं बल्कि एपी ढिल्लों ही हैं.
क्रिस्टल और एपी ढिल्लों के अफेयर की अफवाह एक वायरल वीडियो के बाद शुरू हुईं. वीडियो में AP ढिल्लों और क्रिस्टल दोस्तों के साथ पोज देते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि एपी ढिल्लों, क्रिस्टल के गाल पर किस करते हैं. क्लिप में दोनों के बीच रोमांस और केमिस्ट्री देखी जा सकती हैं.
एक्स बॉयफ्रेंड के साथ क्रिस्टल का ब्रेकअप!
इन अफवाहों को तब जोर मिला, जब कुछ महीने पहले ऐसी खबरें आई थीं कि क्रिस्टल ने रेस्टोरेंट मालिक गुलाम गौस दीवानी के साथ अपना रिश्ता खत्म कर लिया है. हालांकि दोनों ने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने ब्रेकअप की पुष्टि नहीं की, लेकिन चर्चा तब तेज हो गई जब पाया गया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है.
AP ढिल्लों कौन हैं?
एपी ढिल्लों को हाल ही में नेटफ्लिक्स की रियलिटी सीरीज 'देसी ब्लिंग' से पहचान मिली है. इस शो में उन्हें पामेला सेरेना के पूर्व बॉयफ्रेंड के तौर पर पेश किया गया था. हालांकि वे अब साथ नहीं थे फिर भी उनकी दोस्ती और इमोशनल बातचीत इस सीरीज के सबसे ज्यादा चर्चित हिस्सों में से एक बन गई थी. रियलिटी टेलीविजन के अलावा, एपी दुबई में अपने लग्जरी कार बिजनेस के लिए भी जाने जाते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह AP Super Cars नाम की एक कंपनी चलाते हैं, जो प्रीमियम गाड़ियों और रेंटल सर्विसेज का काम करती है.
क्रिस्टल का वर्कफ्रंट
वहीं दूसरी ओर क्रिस्टल डिसूजा टेलीविजन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और फिल्मों में लगातार एक्टिव हैं. उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2007 में 'कहे ना कहे' से की थी, जिसके बाद उन्हें टीवी सीरियल 'एक हजारों में मेरी बहना है' से काफी पॉपुलैरिटी मिली. बाद में वह 'ब्रह्मराक्षस' और 'बेलन वाली बहू' जैसे शोज में नजर आईं और साथ ही 'फितरत' और फिल्म 'चेहरे' में भी काम किया. हाल में धुरंधर फिल्म में अपने सॉन्ग शरारत से उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं