विज्ञापन

भारतीय सिनेमा के लिए 2026 के पहले नौ महीने रहे शानदार, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में 6 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी: संजीव बिजली

भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए साल 2026 अब तक शानदार रहा है. पीवीआर आईनॉक्स के सह-संस्थापक संजीव बिजली के मुताबिक, शुरुआती नौ महीनों में फिल्मों का ग्रॉस कलेक्शन करीब 7,000 करोड़ रुपये रहा है.

भारतीय सिनेमा के लिए 2026 के पहले नौ महीने रहे शानदार, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में 6 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी: संजीव बिजली
भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए साल 2026 अब तक शानदार रहा है

भारतीय सिनेमा के लिए साल 2026 के शुरुआती नौ महीने बॉक्स ऑफिस के लिहाज से काफी उत्साहजनक रहे हैं. हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं और हॉलीवुड की फिल्मों ने सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित किया है. फिल्मों की कमाई के साथ-साथ सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सह-संस्थापक संजीव बिजली का मानना है कि भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए यह साल अब तक काफी अच्छा रहा है. 

एनडीटीवी के साथ खास बातचीत में उन्होंने भारतीय सिनेमा के पहले तीन तिमाहियों के प्रदर्शन, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, हिंदी और हॉलीवुड फिल्मों के योगदान तथा आने वाले महीनों की संभावनाओं पर बात की. इस दौरान ‘रामायण' जैसी बड़ी फिल्मों को लेकर भी चर्चा हुई. उनके मुताबिक, इस साल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में करीब 6 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है और आने वाले पांच महीने भी काफी उम्मीद जगाने वाले हैं.

संजीव बिजली ने कहा, "अप्रैल से लेकर नवंबर तक हमने सिनेमाघरों में आने वाले दर्शकों की संख्या और भारत में हुए कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, दोनों में बढ़ोतरी देखी है". उन्होंने बताया कि हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेजी की फिल्मों ने इस बढ़त में योगदान दिया है. उनके मुताबिक, अब तक बॉक्स ऑफिस का प्रदर्शन काफी अच्छा और उत्साहजनक रहा है.

करीब 7,000 करोड़ रुपये रहा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

इस बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या पिछले नौ महीनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस का ग्रॉस कलेक्शन करीब 7,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, तो उन्होंने इस आंकड़े को सही बताया. बिजली ने कहा कि इस साल कुल बॉक्स ऑफिस कारोबार में पिछले साल की तुलना में लगभग 6 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है.

हॉलीवुड फिल्मों का भी रहा अहम योगदान

संजीव बिजली के मुताबिक, इस साल बॉक्स ऑफिस की बढ़त में हॉलीवुड फिल्मों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने ‘स्पाइडर-मैन' का उदाहरण देते हुए बताया कि इस फिल्म ने करीब 600 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो किसी अंग्रेजी फिल्म के लिए एक बड़ा आंकड़ा है. वहीं, ‘ओडिसी' ने लगभग 250 करोड़ रुपये और हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन' ने करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार किया.

‘धुरंधर' से लेकर ‘हनुमान अंश' तक, हिंदी फिल्मों का प्रदर्शन

हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर बातचीत के दौरान जब ‘धुरंधर' का जिक्र हुआ, तो बिजली ने स्पष्ट किया कि यह फिल्म मार्च के आखिर में रिलीज हुई थी और इसके कलेक्शन के आंकड़े अप्रैल तक सामने आए. इसके बाद उन्होंने ‘दृश्यम' का जिक्र किया, जिसने करीब 400 करोड़ रुपये का कारोबार किया. ‘आवारापन 2' और ‘हनुमान अंश' जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया.

उन्होंने जून में रिलीज हुई छोटी फिल्म ‘मैं वापस आउंगा' का भी विशेष रूप से जिक्र किया. बिजली के मुताबिक, इस साल कई फिल्मों ने शानदार कारोबार किया है और इन सभी फिल्मों ने मिलकर बॉक्स ऑफिस की बढ़त में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

संजीव बिजली का कहना है कि हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं और हॉलीवुड की फिल्मों का मिला-जुला प्रदर्शन भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए अच्छा संकेत है. उन्हें उम्मीद है कि आने वाले पांच महीने भी सिनेमाघरों और फिल्म कारोबार के लिए काफी अच्छे साबित होंगे.

ये भी पढ़ें: 26 साल पुराना गाना, जिसमें 27 साल की ऐश्वर्या ने किए थे सोलह श्रृंगार, अभिषेक के साथ जमी थी जोड़ी, अनुराधा पौडवाल की आवाज ने बनाया यादगार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Box Office 2026, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com