शरद कपूर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में हैं. अभिनेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह अपनी खराब आर्थिक स्थिति और स्वास्थ्य को लेकर परेशान नजर आए थे. उन्होंने वीडियो के जरिए फिल्म इंडस्ट्री से काम मांगा था और बताया था कि उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है. वीडियो सामने आने के बाद अभिनेता के लिए कई लोग मदद के लिए आगे आए. सोनू सूद ने भी उनकी मदद का भरोसा दिया. अब शरद कपूर की सेहत में सुधार नजर आ रहा है और वह फिल्मों में वापसी को लेकर भी उम्मीद से भरे दिख रहे हैं.
एनडीटीवी से बातचीत में शरद कपूर ने अपनी सेहत, इंडस्ट्री के लोगों से मिले सहयोग और निजी जिंदगी से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. इस दौरान उनसे उस घर को बेचने के बारे में भी पूछा गया, जहां वह फिलहाल रह रहे हैं. शरद ने बताया कि अभी उन्होंने घर बेचने या कोई छोटा घर खरीदने का फैसला नहीं किया है. उन्होंने कहा कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वह इस बारे में विस्तार से जानकारी देंगे.
घर बेचकर छोटा घर खरीदने की योजना पर क्या बोले शरद कपूर?
शरद कपूर से पूछा गया कि उन्होंने पहले घर बेचकर कोई छोटा घर खरीदने की इच्छा जाहिर की थी, क्या अब इस दिशा में कोई फैसला लिया है? इस पर अभिनेता ने कहा, “अभी इस बारे में कुछ तय नहीं किया है. जब मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा तो आपको इस बारे में पूरी जानकारी दे दूंगा.” अभिनेता के जवाब से साफ है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी सेहत सुधारने और काम पर लौटने पर है. घर को लेकर वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहते.
इंडस्ट्री से मिल रहे सहयोग पर जताया आभार
शरद कपूर ने बताया कि सोनू सूद के अलावा भी कई कलाकारों ने उनसे संपर्क किया है और मदद की पेशकश की है. उन्होंने कुनिका का नाम लेते हुए कहा कि कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं, लेकिन कुछ ने अपने नाम सार्वजनिक नहीं करने की इच्छा जताई है. सलमान खान की टीम की तरफ से भी उन्हें फोन आया था. वहीं फिल्म इंडस्ट्री को अक्सर बेरहम और असंवेदनशील कहा जाता है, लेकिन शरद का अनुभव इससे अलग रहा. उन्होंने कहा कि जब भी किसी कलाकार को मदद की जरूरत पड़ती है, इंडस्ट्री के लोग आगे आते हैं. जावेद अख्तर समेत कई लोगों ने उन्हें अपना प्यार और समर्थन दिया है.
परिवार ने भी मुश्किल समय में दिया साथ
पिछले दो साल के मुश्किल दौर में परिवार के सहयोग को लेकर पूछे गए सवाल पर शरद ने कहा कि उनके परिवार और भाई ने उनका पूरा साथ दिया. वे उनसे मिलने भी आए थे और हमेशा उनके साथ खड़े रहे. शरद कपूर की हालिया बातचीत में उनका आत्मविश्वास पहले से बेहतर नजर आया. अभिनेता को उम्मीद है कि वह जल्द अपनी सेहत पूरी तरह ठीक कर लेंगे और फिल्मों में दोबारा काम शुरू करेंगे. उनके प्रशंसक भी उन्हें पर्दे पर वापस देखने का इंतजार कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं