पांच साल पहले सिर्फ ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने के लिए हिम्मत चाहिए. वो भी तब जब ये फिल्म क्राइम थ्रिलर हो और इसमें जबरदस्त सस्पेंस हो. मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने 25 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दृश्यम 2 (Drishyam 2)' थिएटर्स में आ रही है. फिल्म 10 अप्रैल 2026 से देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. पोस्ट में मोहनलाल ने लिखा, 'दृश्यम 2, जहां इसका सच्चा घर है, वहां वापस लौट रही है.' इस घोषणा के साथ फिल्म का पोस्टर भी शेयर किया गया है. इस तरह मोहनलाल फैन्स के लिए ये गुड न्यूज है.
पांच साल बाद सिनेमाघरों में लौट रही दृश्यम 2
'दृश्यम' फ्रैंचाइजी भारतीय सिनेमा की सबसे सफल थ्रिलर सीरीज में से एक है. मूल मलयालम फिल्म दृश्यम (2013) में मोहनलाल ने जॉर्ज कुट्टी के रोल में दमदार अभिनय किया था. आम आदमी जो अपनी परिवार की रक्षा के लिए पुलिस और सिस्टम को चकमा देता है, यह किरदार दर्शकों के दिलों में बस गया. फिल्म की सफलता के बाद इसे तमिल, तेलुगु, हिंदी और अन्य भाषाओं में रीमेक किया गया. हिंदी वर्जन में अजय देवगन ने ‘दृश्यम' (2015) में विजय सलगांवकर का किरदार निभाया. अजय देवगन की फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया और ‘दृश्यम' को पैन-इंडिया स्तर पर लोकप्रिय बना दिया.
अब ‘दृश्यम 2' (2021) का थिएट्रिकल रिलीज होना खास महत्व रखता है. मूल रूप से यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी, जिसके कारण बड़े पर्दे पर इसका पूरा असर दर्शक नहीं ले पाए थे. थ्रिलर, सस्पेंस और इमोशनल डेप्थ से भरी यह फिल्म अब 10 अप्रैल को थिएटर्स में रिलीज होकर दर्शकों को सिनेमाघरों में वह अनुभव देगी. मोहनलाल के फैंस पहले से ही इस फिल्म को थिएटर में देखने के लिए उतावले हैं. कई फैंस ने कमेंट्स में सबटाइटल्स की मांग की है ताकि भाषा की बाधा न रहे.
‘दृश्यम 2' का जॉर्ज कुट्टी
‘दृश्यम 2' में मोहनलाल फिर से जॉर्ज कुट्टी के रूप में नजर आएंगे, जहां कहानी पहले भाग के क्लाइमेक्स के बाद आगे बढ़ती है. परिवार की रक्षा के लिए किए गए अपराध को छिपाने की जद्दोजहद, पुलिस की जांच और मनोवैज्ञानिक ट्विस्ट्स इस सीक्वल को और भी रोमांचक बनाते हैं. फिल्म के निर्देशक जीतू जोसफ ने मूल कहानी को बखूबी आगे बढ़ाया है.
इस दिन रिलीज हो सकती है दृश्यम 3
फिल्म की रिलीज से पहले ‘दृश्यम 3' की भी चर्चा जोरों पर है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘दृश्यम 3' 21 मई 2026 को रिलीज हो सकती है. अगर ऐसा हुआ तो फैंस को लगातार थ्रिलर का डबल डोज मिलेगा. मोहनलाल के पोस्ट के बाद फैंस ने कमेंट्स में लिखा कि 'दृश्यम 2 थिएटर में देखने का सपना पूरा हो रहा है', और 'अब क्लाइमेक्स बड़े पर्दे पर और भी धांसू लगेगा.'
अजय देवगन की दृश्यम 2 ने की थी बम्पर कमाई
‘दृश्यम' सीरीज ने साबित किया है कि अच्छी कहानी, दमदार स्क्रिप्ट और रियलिस्टिक परफॉर्मेंस बिना किसी बड़े स्टार पावर या एक्शन सीन के भी सुपरहिट बन सकती है. अजय देवगन की दृश्यम 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ के बजट में लगभग 345 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
दर्शक 10 अप्रैल 2026 का इंतजार कर रहे हैं जब जॉर्ज कुट्टी की नई जद्दोजहद बड़े पर्दे पर शुरू होगी. मोहनलाल की इस घोषणा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ‘दृश्यम' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावना है जो दर्शकों को बार-बार खींचती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं