दिलजीत दोसांझ अपनी फिल्मों, गानों और मजेदार अंदाज से हमेशा लोगों का दिल जीत लेते हैं. लेकिन इस बार उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ का ऐसा राज बताया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. दिलजीत ने खुलासा किया कि उनके गॉल ब्लैडर में पिछले 11 साल से 11 से 12 मिलीमीटर का स्टोन है. हैरानी की बात ये है कि डॉक्टरों की सलाह के बावजूद उन्होंने आज तक सर्जरी नहीं कराई. इतना ही नहीं, उन्होंने इतने साल तक इस बात को अपने परिवार और करीबी दोस्तों से भी छिपाकर रखा. अब पहली बार उन्होंने खुद पूरी कहानी सुनाई है.
हल्के पेट दर्द से खुला बड़ा राज
दिलजीत ने VOGUE को दिए इंटरव्यू में बताया कि साल 2015 में उन्हें हल्का सा पेट दर्द हुआ था. वो डॉक्टर के पास पहुंचे तो जांच के दौरान गॉल ब्लैडर में 11 से 12 मिलीमीटर का स्टोन मिला. डॉक्टर ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी. लेकिन उसी समय उनके एक दोस्त ने कहा कि अगर स्टोन कोई परेशानी नहीं दे रहा तो जल्दबाजी में सर्जरी कराने की जरूरत क्या है. बस यहीं से दिलजीत ने ऑपरेशन टालने का फैसला कर लिया.
11 साल बीत गए, फिर भी नहीं कराया ऑपरेशन
दिलजीत ने बताया कि 2015 से लेकर 2026 तक उन्होंने सर्जरी नहीं कराई. उनका कहना है कि स्टोन की वजह से उन्हें कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें तो लगता है शायद अब वो स्टोन खत्म ही हो गया होगा. हालांकि एहतियात के लिए वो दवा अपने साथ रखते हैं, लेकिन उसकी जरूरत कभी नहीं पड़ी.
फ्लिप फोन पर भी कर दिया मजेदार कमेंट
दिलजीत ने बातचीत के दौरान अपने पुराने फ्लिप फोन का भी जिक्र किया. उन्होंने हंसते हुए कहा कि इसी फोन पर एलियन और इल्यूमिनाटी उन्हें कॉल करते हैं. उन्होंने कहा कि भले ही इसमें टचस्क्रीन या रील्स देखने की सुविधा नहीं है, लेकिन उन्हें ये फोन बेहद पसंद है और वो इसे छोड़ना नहीं चाहते.
बचपन की गरीबी ने सिखाया बड़ा सबक
दिलजीत ने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजरता था. अगर कोई बीमार पड़ जाता था तो डॉक्टर के पास जाने के लिए भी पैसे नहीं होते थे. इसी वजह से उन्होंने छोटी उम्र में ही समझ लिया था कि जिंदगी में मेहनत करके पैसे कमाना कितना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- अमित कुमार का 45 साल पुराना आइकॉनिक गाना, पापा किशोर कुमार को हराकर जीता था बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं